अमेज़न के महिला इंजीनियरिंग छात्रवृत्ति कार्यक्रम की पहली लहर में 80% से ज़्यादा छात्राओं को फ़ॉर्च्यून 500 कंपनियों में तकनीकी नौकरियां पायी हैं, जिनमें अमेज़न में पूर्णकालिक पद भी शामिल हैं।

मुंबई । अमेज़न इंडिया आज अपने पहले अमेज़न फ्यूचर इंजीनियर (AFE) छात्रवृत्ति कार्यक्रम के छात्रों के ग्रेजुएशन का जश्न मना रहा है और 2025-2029 शैक्षणिक सालों के लिए 500 नई छात्रवृत्तियों की घोषणा कर रहा है। कम आय वर्ग की महिला इंजीनियरिंग छात्राओं को शिक्षा और करियर विकास में समान अवसर प्रदान करते हुए उनका समर्थन करना इस कार्यक्रम का उद्देश्य है। पहले 200 स्नातकों में से 80% से ज़्यादा ने अग्रणी फ़ॉर्च्यून 500 कंपनियों में नौकरियां हासिल की हैं, जिनमें से कई अमेज़न की इंजीनियरिंग टीमों में शामिल हुई हैं।

अमेज़न इंडिया के अमेज़न फ्यूचर इंजीनियर लीड, श्री प्रतीक अग्रवाल ने कहा, "अमेज़न भारत के तकनीकी कार्यबल में विविधता को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए वह ऐसी प्रतिभाशाली युवा महिलाओं के लिए रास्ते तैयार करता है, जो अन्यथा देश की डिजिटल क्रांति से वंचित रह जातीं। इनमें से कई महाराष्ट्र के लातूर और झारखंड के चाईबासा जैसे टियर-2 और टियर-3 शहरों से पहली पीढ़ी की कॉलेज ग्रेजुएट हैं, इन्हें  आत्मविश्वासी तकनीकी पेशेवरों के रूप में बदलते देखना शिक्षा और करियर विकास में समान अवसर प्रदान करने के प्रभाव को दर्शाता है। इनकी सफलता दर्शाती है कि जब अवसर और क्षमता एक साथ आते हैं तो क्या होता है: पृष्ठभूमि कोई भी हो, असाधारण प्रतिभा उभर कर सामने आती ही है।"

हर स्कॉलर को एक पूरा पैकेज मिलता है जिसमें चार वर्षों की अवधि में ₹2 लाख की वित्तीय सहायता, एक लैपटॉप, तकनीकी बूटकैंप के माध्यम से किसी भी कौशल कमियों को दूर करने में मदद के लिए विशेष प्रशिक्षण, सशुल्क अमेज़न इंटर्नशिप और अनुभवी इंजीनियरों से व्यक्तिगत करियर मेंटरशिप शामिल है।

अपनी इंटर्नशिप के बाद अमेज़न में सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट इंजीनियर के रूप में पूर्णकालिक रूप से शामिल हुईं ग्रेजुएट  समाला कीर्ति ने कहा, "मैं तेलंगाना के एक छोटे से कस्बे से आयी हूं, जहां मेरे पिता एक किराना दुकान चलाते हैं और उनकी महीने की कमाई ₹25,000 से भी कम है। अमेज़न में नौकरी पाना मुझे असंभव सा लग रहा था। लेकिन इस छात्रवृत्ति ने न केवल वित्तीय सहायता प्रदान की, बल्कि आत्मविश्वास, मार्गदर्शन और वास्तविक दुनिया का अनुभव भी दिया जिसने मेरे करियर को नया रुख दिया।"

अमेज़न ने कम आय वाले परिवारों से आने वाले छात्रों को सशक्त बनाने के लिए काम करने वाली, एक गैर-लाभकारी संस्था, फाउंडेशन फॉर एक्सीलेंस (FFE) के साथ मिलकर एक कठोर चयन प्रक्रिया लागू की है। जिसमें शैक्षणिक योग्यता, वित्तीय आवश्यकता और नेतृत्व क्षमता के आधार पर उम्मीदवारों का मूल्यांकन किया जाता है। चयन किए गए स्कॉलर्स के नामों की घोषणा 2026 की शुरूआत में की जाएगी।

छात्रवृत्ति कार्यक्रम के लिए अमेज़न के स्कॉलरशिप प्रोग्राम के इम्प्लिमेंटेशन पार्टनर - फाउंडेशन फॉर एक्सीलेंस के चीफ एक्जीक्यूटिव ऑफिसर श्री राम कोलावेन्नु ने कहा, "अमेज़न फ्यूचर इंजीनियर प्रोग्राम वास्तव में असाधारण है क्योंकि इसे अगली पीढ़ी की महिला प्रौद्योगिकी नेताओं को प्रोत्साहित करने के समग्र दृष्टिकोण के साथ चलाया जाता है। अमेज़न जैसे, प्रौद्योगिकी में विश्व स्तर पर अग्रणी संस्थान में वित्तीय सहायता, मार्गदर्शन, कौशल विकास और वास्तविक दुनिया के अनुभव को एकीकृत करके, यह कार्यक्रम कम आय वाले परिवारों से आने वाली, प्रतिभाशाली युवा महिलाओं को प्रौद्योगिकी में परिवर्तनकारी अवसरों के साथ सशक्त बनाता है। यह न केवल प्रतिभाशाली इंजीनियरों को बल्कि भविष्य के प्रौद्योगिकी नेताओं को भी आकार दे रहा है।"

2022 में अपनी शुरूआत के बाद से, अमेज़न फ्यूचर इंजीनियर स्कॉलरशिप प्रोग्राम ने चार समूहों में युवा महिलाओं को 1,700 छात्रवृत्तियां प्रदान की हैं। 

2025-2029 शैक्षणिक सालों के लिए कंप्यूटर विज्ञान और संबंधित कार्यक्रमों में नामांकित महिला इंजीनियरिंग छात्राएँ 18 अगस्त से 30 नवंबर, 2025 के बीच आवेदन कर सकती हैं। आवेदक पात्रता और आवश्यकताओं के बारे में अधिक जानने और अपना आवेदन जमा करने के लिए www.amazonfutureengineer.in/scholarship  पर जा सकते हैं।