भोपाल। लायंस क्लब भोपाल प्रताप द्वारा लायंस क्लब इंटरनेशनल फाउंडेशन के वित्तीय सहयोग एवं मार्गदर्शन में महावीर इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस एंड रिसर्च में डायलिसिस केंद्र का शुभारंभ किया गया। इस केंद्र में पांच अत्याधुनिक डायलिसिस मशीनें स्थापित की गईं, जो प्रशिक्षित और अनुभवी डॉक्टरों के निर्देशन में अत्यंत कम दरों पर जरूरतमंद रोगियों को सेवा प्रदान करेंगी। यह केंद्र मानवता की सेवा के अगले पायदान पर एक नया उदाहरण बना है।

मानवता के कल्याण के लिए लाखों लायन सदस्य समर्पित
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, मल्टीपल काउंसिल चेयरपर्सन लायन मनीष शाह ने लायंस क्लब की वैश्विक गतिविधियों और सेवा कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लायंस क्लब इंटरनेशनल 200 से अधिक देशों में जरूरतमंदों की मदद के लिए निरंतर प्रयासरत है और मानवता के कल्याण के लिए लाखों लायन सदस्य समर्पित हैं।

फाउंडेशन विभिन्न सामाजिक संस्थानों को फंडिंग प्रदान करती:  जौहर 

इस अवसर पर फाउंडेशन के मल्टीपल को-ऑर्डिनेटर लायन डॉ. जीपीएस जौहर ने बताया कि क्लब इंटरनेशनल फाउंडेशन विभिन्न सामाजिक संस्थानों को फंडिंग प्रदान करती है ताकि वे अपने क्षेत्र में कम आय वर्ग एवं जरूरतमंद लोगों को चिकित्सा सहित अन्य सहायता उपलब्ध करा सकें। 

सकारात्मक सोच तथा मानवता की सेवा:  आशीष जैन 
उन्होंने बताया कि ऐसे प्रोजेक्ट्स के लिए आगे भी फाउंडेशन से मदद ली जा सकती है। कार्यक्रम का संचालन लायन आशीष जैन ने किया। जिन्होंने महावीर इंस्टिट्यूट एवं लायंस क्लब की समान सकारात्मक सोच तथा मानवता की सेवा के साझा उद्देश्य को रेखांकित किया।

संस्थान की क्षमता 650 बिस्तर वाले अस्पताल की है

महावीर इंस्टिट्यूट के सचिव  सुनील जैन ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए अपने संस्थान की उपलब्धियों और सामाजिक सेवा के कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्थान की क्षमता 650 बिस्तर वाले अस्पताल की है और इसे बढ़ाने की योजना है इसके अलावा मेडिकल कॉलेज से 150 छात्र प्रतिवर्ष अध्यनरत है तथा मेडिकल रिसर्च के छात्रगणों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।