एवीएस न्यूज.भोपाल
फेडरेशन ऑफ मध्यप्रदेश चेंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एफएमपीसीसीआई ) ने तीन दिवसीय आगामी  फेड एक्सपो 25 का आयोजन 21 नवंबर 2025 से  जीआईए ट्रेड एक्जीविशन सेंटर भोपाल में करने की घोषणा की।  एफएमपीसीसीआई  के अध्यक्ष दीपक शर्मा ने बताया कि इस फेड एक्सपो के तहत लगभग 200 से अधिक एमएसएमई अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेगी।

इसके साथ ही इस एक्सपो में रूस, ओमान, ताईवान आदि कई देशों के उद्योग प्रतिनिधि भाग ले रहे है। जिनके आने से प्रदेश की औद्योगिक इकाईयों को अंतर्राष्ट्रीय उद्यमियों से व्यापारिक संबंध स्थापित करने का अवसर प्राप्त होगा। इस कार्यक्रम से भारत एवं विभिन्न देशों के मध्य औद्योगिक संबंध मजबूत होगें एवं बाईलेटरल ट्रेड को बढ़ावा मिलेगा।
इस प्रदर्शनी का उद्देश्य उद्योगों, सरकारी उपक्रमों एवं एम.एस.एम.ई. इकाइयों के मध्य आपसी संवाद, व्यवसायिक सहयोग और नए व्यापारिक अवसरों का सृजन करना है। कार्यक्रम में भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड , भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड, रेलवे, रक्षा प्रतिष्ठान, एचईजी, रेलवे, बीना रिफायनरी एवं अन्य बड़ी इकाईयां, राज्य शासन के विभागों तथा विभिन्न क्षेत्रीय औद्योगिक इकाइयों की सक्रिय भागीदारी हो रही है। 
-
‘मेक इन इंडिया’ पहल तथा तकनीकी नवाचारों पर होगी चर्चा  
उन्होंने बताया कि एक्सपो में एमएसएमई क्षेत्र के उद्यमियों को अपने उत्पादों का प्रदर्शन करने और सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों से वेंडर बनने के अवसर प्राप्त होंगे। साथ ही, एक्सपो के दौरान विशेष सत्रों में सरकारी क्रय नीतियों, ‘मेक इन इंडिया’ पहल तथा तकनीकी नवाचारों पर चर्चा की जाएगी।

इस एक्सपो में प्रदेश की शैक्षणिक संस्थाऐं एवं स्टार्टअप भी भाग ले रहे है। यह उनके लिए एक अवसर होगा जिसके माध्यम से वह प्रदेश में अपने कार्य का प्रचार-प्रसार कर सकेंगे। साथी ही स्टार्टअप्स के लिए एक पिचिंग सेशन भी रखा गया है। जिसमें उन्हें बडे इन्वेस्टर्स के सामने अपने आइडिया, विजन, प्रोडक्ट रखने का मौका मिलेगा। फेडरेशन के अध्यक्ष शर्मा ने उद्यमियों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और अपने व्यापार को नई दिशा दें।