वेदांता ने एल्युमिनियम और जिंक इंडस्ट्रियल पार्क की घोषणा की
एवीएस न्यूज ..नई दिल्ली
भारत के औद्योगिक और उद्यमिता पारिस्थितिकी तंत्र को सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए वेदांता लिमिटेड ने ओडिशा और राजस्थान में क्रमश: गैर-लाभकारी एल्युमिनियम और जिंक इंडस्ट्रियल पार्क स्थापित करने की घोषणा की है।
यह घोषणा वेदांता समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल द्वारा की गई, जिन्होंने बताया कि ये पार्क नवाचार, उद्यमिता और औद्योगिक उत्कृष्टता के जीवंत केंद्र बनेंगे, जो धातु, विनिर्माण और उन्नत तकनीक के क्षेत्र में भारत की वृद्धि को गति देंगे। ये पार्क एक विश्व-स्तरीय इकोसिस्टम प्रदान करेंगे विकसित भूमि, आधुनिक अवसंरचना, विश्वसनीय यूटिलिटीज़ और कच्चे माल की स्थिर आपूर्ति जो स्टार्टअप्स और एमएसएमई को विकसित होने के लिए आदर्श वातावरण देगा।
अग्रवाल ने कहाकि हमारा उद्देश्य उद्यमिता को प्रोत्साहित करना, नवाचार को बढ़ावा देना और हज़ारों टिकाऊ रोजगार सृजित करना है ताकि आत्मनिर्भर भारत का निर्माण हो सके।ओडिशा स्थित एल्युमिनियम पार्क में 90 से अधिक डाउनस्ट्रीम उद्योगों और उत्पादों के विकास की क्षमता है, वहीं राजस्थान का जिंक इंडस्ट्रियल पार्क वैल्यू-ऐडेड मैन्युफैक्चरिंग को गति देगा और नवोदित उद्यमों के बीच सहयोग को प्रोत्साहित करेगा।
वेदांता ने युवा उद्यमियों, स्टार्टअप्स और एमएसएमई को आमंत्रित किया है कि वे 2 करोड़ रुपए से 50 करोड़ रुपए या उससे अधिक के निवेश के साथ इन परियोजनाओं में भाग लें। इन पार्कों से क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और भारत की वैश्विक औद्योगिक प्रतिस्पर्धा को नई ऊंचाइयां मिलेंगी।

