बरगी डैम में दर्दनाक हादसा: तेज आंधी में क्रूज डूबा, 7 की मौत, 15 लापता
-18 यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी; मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका
एवीएस न्यूज, भोपाल।
बरगी डैम में गुरुवार को तेज आंधी-तूफान के चलते एक बड़ा हादसा हो गया, जब पर्यटकों से भरा एक क्रूज अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 15 यात्री लापता बताए जा रहे हैं। राहत की बात यह रही कि रेस्क्यू टीमों ने अब तक 18 लोगों को सकुशल बाहर निकाल लिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, क्रूज में क्षमता से अधिक लोग सवार थे और अचानक मौसम बिगड़ने के कारण तेज हवाओं ने उसे असंतुलित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ ही मिनटों में क्रूज पानी में समा गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर बचाव कार्य शुरू किया गया। प्रशासन ने लापता लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि हालात को देखते हुए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। बरगी सिटी एसपी (CSP) अंजुल मिश्रा ने बताया कि MP टूरिज्म के क्रूज में 40 से 45 लोग सवार थे। अचानक आई आंधी के कारण ये हादसा हुआ।

20 साल पुराना है क्रूज
पर्यटन विभाग के अधिकारी योगेंद्र रिछारिया ने बताया कि बरगी डैम में एक क्रूज संचालित किया जा रहा है। इसका निर्माण 2006 में किया गया था। इसकी क्षमता 60 यात्रियों की है। वहीं दूसरा क्रूज खराब है।
पायलट का दावा: लाइफ जैकेट पहनने का मौका नहीं मिला
क्रूज पायलट महेश ने बताया कि वह पिछले 10 साल से क्रूज चला रहा है और पूरी तरह प्रशिक्षित व लाइसेंसधारी है। उनके मुताबिक क्रूज में सभी सुरक्षा इंतजाम और पर्याप्त लाइफ जैकेट मौजूद थे, लेकिन तूफान इतनी तेजी से आया कि यात्रियों को लाइफ जैकेट पहनने का मौका नहीं मिल सका।
40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से थी हवा
जानकारी के अनुसार, हादसे के समय हवा की रफ्तार करीब 40 किमी/घंटा थी, जिससे क्रूज संतुलन खो बैठा और डूब गया। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक अगले कुछ घंटों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है। तेज हवाओं के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में भी दिक्कतें आ रही हैं। अंधेरा और मौसम की खराब स्थिति के बीच SDRF और प्रशासन की टीम सर्च ऑपरेशन जारी रखे हुए है।
मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख सहायता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए मृतकों के परिवारजनों को राज्य शासन की ओर से 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
मंत्री राकेश सिंह बोले: रेस्क्यू प्राथमिकता, जांच के निर्देश
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने हादसे को बेहद पीड़ादायक बताया। उन्होंने कहा कि फिलहाल प्रशासन की पहली प्राथमिकता लापता लोगों को खोजना और सुरक्षित बचाना है। हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, SDRF और पुलिस की टीमें मौके पर तैनात हैं और लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। घटना की विस्तृत जांच कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही कहा कि अंधेरा होने के कारण अभी हताहतों की संख्या पर कुछ कहना जल्दबाजी होगी, रेस्क्यू पूरा होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय ने की मजिस्ट्रेट जांच की मांग
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने क्रूज हादसे पर दुख जताते हुए प्रशासन से मजिस्ट्रेट जांच की मांग की। उन्होंने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''जबलपुर के बरगी डैम में क्रूज डूबने की घटना बेहद पीड़ादायक है। हादसे में कई लोगों के हताहत होने की खबर है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें।''
जीतू पटवारी ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने ट्वीट कर हादसे पर दुख जताया और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “जबलपुर के बरगी डैम में क्रूज पलटने से 4 लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद और हृदयविदारक है। यह सिर्फ एक हादसा नहीं, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय होना आवश्यक है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।”






