भेल में एक दिवसीय पूर्व पदोन्नति प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
147 प्रतिभागियों को मिले संगठन, नेतृत्व और साक्षात्कार के महत्वपूर्ण गुर
एवीएस न्यूज, भोपाल।
भोपाल के सांस्कृतिक भवन में कर्मचारियों के लिए एक दिवसीय पूर्व पदोन्नति प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पदोन्नति की प्रक्रिया से गुजरने वाले प्रतिभागियों को संगठन, नेतृत्व और साक्षात्कार से जुड़ी आवश्यक दक्षताओं व बारीकियों से अवगत कराना था।

दो सत्रों में दी गई विस्तृत जानकारी
प्रशिक्षण कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के लिए इसे दो मुख्य सत्रों में विभाजित किया गया, जिनके माध्यम से प्रतिभागियों को वर्तमान व्यावसायिक परिदृश्य से भी रूबरू कराया।
प्रथम सत्र संगठनात्मक ढांचा और व्यावसायिक परिदृश्य:
इस सत्र में प्रतिभागियों को बीएचईएल के समग्र स्वरूप, वर्तमान ऑर्डर बुक की स्थिति, विविधीकरण के प्रयासों, निदेशक मंडल की संरचना और संगठनात्मक ढांचे की जानकारी दी गई। साथ ही, कंपनी द्वारा शुरू की गई नई पहलों और वर्तमान व्यावसायिक परिदृश्य से भी रूबरू कराया गया।
द्वितीय सत्र व्यक्तित्व विकास और व्यवहार कौशल:
इस सत्र का पूरा फोकस प्रतिभागियों के व्यक्तित्व और व्यावहारिक दक्षताओं को निखारने पर था। इसमें मुख्य रूप से व्यवहार कौशल, व्यक्तित्व प्रस्तुतीकरण, बॉडी लैंग्वेज (शारीरिक हाव-भाव), व्यावसायिक आचरण, साक्षात्कार शिष्टाचार और प्रभावी संप्रेषण कौशल जैसे विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया।
इनकी रही महात्पूर्ण भूमिका
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के संकाय के रूप में आरिफ अहमद सिद्दीकी, अपर महाप्रबंधक (एचआरडी), मोहित शाह, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक (सीपीएक्स), प्रतीक श्रीवास्तव, प्रबंधक (सीपीएक्स) एवं तरुण कुमार कौशिक, प्रबंधक (एचआरडी) उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन उमेश कुमार सावले, प्रबंधक (एचआरडी) द्वारा किया गया। कार्यक्रम में कुल 147 प्रतिभागियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई तथा प्रशिक्षण से लाभान्वित हुए।






