भोपाल । राजधानी के 10 नंबर मार्केट और आईएसबीटी पर करीब 50 करोड़ रुपए की लागत से दो नई मल्टीलेवल पार्किंग बनेगी। व्यापारी संघ के संरक्षक डॉ. सुरजीत सिंह चौहान और रामचंद्र पाटीदार,हरीश चोइथानी द्वारा दिए गए प्रस्ताव को महापौर श्रीमती मालती राय द्वारा नगर निगम में मल्टीलेवल पार्किंग परियोजनाओं के लिए डीपीआर तैयार कर नगरीय आवास मंत्रालय को भेजा गया। इस पहल के लिए दस नंबर के व्यापारियों ने शासन-प्रशासन का आभार माना है। 


महासंघ के महासचिव हरीश चोईथानी ने बताया कि इन दोनों पार्किंग में शहर के प्रमुख बाजार और बस स्टैंड क्षेत्र में वाहनों की पार्किंग की समस्या से काफी हद तक निजात मिलेगी। दोनों पार्किंगों का डिजाइन एक जैसा होगा, जिसमें 5 मंजिलें होंगी।  निगम ने दोनों परियोजनाओं के लिए डीपीआर तैयार कर 3 माह पहले नगरीय आवास मंत्रालय को भेज दी है। इसके साथ ही जमीन के आवंटन के लिए जिला प्रशासन को भी पत्र लिखा गया है। प्रत्येक पार्किंग की अनुमानित लागत 25 करोड़ है। इन पांच मंजिला इमारतों को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि प्रत्येक में दस नंबर मार्केट और आईएसबीटी में बनेंगी 2 नई ‘मल्टीलेवल पार्किंग’।

कुल मिलाकर एक पार्किंग में 1000 से अधिक वाहनों को व्यवस्थित जगह मिल पाएगी। कलेक्टर द्वारा गठित टीम पुराने शहर में भी मौजूद बाजारों में पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर अध्ययन कर उनके सुधार को लेकर प्रशासन को रिपोर्ट देगी। उसके बाद सुधार के काम शुरू होंगे।  इन पार्किंग के निर्माण के साथ ही आसपास के क्षेत्रों की सडक़ों को भी सुधारा जाएगा। 


गौरतलब है कि 10 नंबर मार्केट में वंदे मातरम चौराहे से 10 नंबर तिराहे तक का हिस्सा, जो अभी 60 फीट चौड़ा है उसे बढ़ाकर 80 फीट किया जाएगा। इसी तरह आइएसबीटी के सर्विस रोड का भी चौड़ीकरण किया जाएगा और इसे सीसी रोड में बदला जाएगा। 10 नंबर मार्केट में अभी केवल 100 गाडिय़ों के लिए पार्किंग की जगह है, जबकि वहां हजारों गाडिय़ां आती हैं। आईएसबीटी पर आने वाले वाहनों में से केवल 10 फीसदी को ही पार्किंग मिल पाती है। नई मल्टीलेवल पार्किंग बनने से बस स्टैंड पर आने वाले यात्रियों के परिजन, निगम कार्यालय, रजिस्ट्री ऑफिस के वाहन पार्क हो सकेंगे।