भोपाल दुग्ध संघ ने की दुग्ध उत्पादकों से क्रय किए जाने वाले दूध की दरों में दूसरी बार वृद्धि
आत्माराम सोनी. भोपाल
भोपाल दुग्ध संघ ने अपनी सभी दुग्ध समितियों के दुग्ध उत्पादकों से क्रय किए जाने वाले दूध खरीदी मूल्य में दूसरी बार ऐतिहासिक वृद्धि की है। संघ ने दुग्ध उत्पादकों से 840 रुपए प्रति किग्रा फैट से दूध क्रय करने का निर्णय लिया गया है, जो 1 सितंबर 2025 से प्रभावशील होगा। यह दूध संघ के इतिहास में दोबारा बढाई गई सर्वाधिक क्रय दर है।
3, 13 और 23 तारीख को किया जा रहा दुग्ध उत्पादकों को अनिवार्य रूप से नियमित भुगतान
दुग्ध उत्पादकों एवं सभी संस्थाओं ने कहा कि भोपाल दुग्ध संघ द्वारा दूध क्रय दर में वृद्धि करने और निर्धारित तिथियों में भुगतान होने पर दुग्ध उत्पादकों में जहां खुशियों की लहर दौड़ने लगी है। दुग्ध उत्पादक पशुपालकों को आर्थिक लाभ होने से लोगों को रूचि पशुपालन व्यवसाय के प्रति बढ़ रही है। दुग्ध प्रदायकों ने दूध क्रय दर में वृद्धि किए जाने के प्रति खुशिया व्यक्त की जा रही है। ज्ञात हो कि संघ द्वारा दुग्ध उत्पादकों को नियत तिथि 3 ,13 और 23 तारीख में अनिवार्य रूप से नियमित भुगतान किया जा रहा है।
एक हजार नवीन दुग्ध समितियों का गठन किया जा रहा
मध्यप्रदेश सहकारी दुग्ध महासंघ के प्रबंध निदेशक डॉ. संजय गोवाणी ने कहाकि राज्य सरकार एवं राष्ट्रीय डेरी विकास बोर्ड के मध्य हुए सहकार्यता अनुबंध के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार इस वर्ष संघ के कार्यक्षेत्र में 1000 नवीन दुग्ध समितियों का गठन किया जा रहा है। भोपाल दुग्ध संघ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रीतेश जोशी ने बताया कि इस कदम से 25 हजार पशुपालकों को संघ से जोड़ा जा रहा है, जो इस वृद्धि का प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त करेंगे।

