करिश्मा कपूर की जमकर तारीफ करती नजर आईं करीना और सैफ
‘ब्राउन’ अब केवल हिंदी ज़ी5 पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध
एवीएस न्यूज .मुंबई
जी5 की नई नियो-नोयर क्राइम थ्रिलर ‘ब्राउन’ की विशेष स्क्रीनिंग एक यादगार और गर्मजोशी भरी शाम में तब्दील हो गई, जब करीना कपूर खान और सैफ अली खान सीरीज के प्रीमियर से पहले अपनी बहन और पत्नी करिश्मा कपूर का समर्थन करने पहुंचे। करिश्मा कपूर ने लंबे समय बाद इस सीरीज में वापसी की है और उनकी यह भूमिका उनके करियर की सबसे चुनौतीपूर्ण और दमदार भूमिकाओं में से एक मानी जा रही है।
इस अवसर पर सैफ अली खान ने कहाकि मैंने इसका ट्रेलर देखा है और मुझे यह बहुत पसंद आया। इसे शानदार तरीके से फिल्माया गया है। करिश्मा काफी समय से इस शो के बारे में बात कर रही थीं। मैंने उन्हें तैयारी करते और सिगरेट रोल करते देखा। वह एक शराबी का किरदार निभा रही हैं, जो उनकी अपनी पर्सनैलिटी से अलग है, लेकिन मैं इसे देखने के लिए बहुत उत्साहित हूँ। मुझे लगता है कि यह बहुत शानदार होने वाला है। करीना कपूर खान ने भी अपनी बहन के अभिनय की जमकर प्रशंसा की।
उन्होंने कहाकि 90 के दशक की सुपरस्टार ‘लोलो’ को स्क्रीन पर वापस देखना बहुत अच्छा लग रहा है। यह किरदार उनके लिए बिल्कुल नया और चुनौतीपूर्ण है। करिश्मा ने इसके लिए पूरी मेहनत और समर्पण से काम किया है। अभिनय ने इसे जिस तरह से फिल्माया है, वह बेहद प्रभावशाली है। वह हमेशा नए प्रयोग करती रही हैं और यही कारण है कि वह कई लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। अभिनय देव द्वारा निर्देशित ‘ब्राउन’ में करिश्मा कपूर ने रीटा ब्राउन नामक विवादास्पद जासूस की भूमिका निभाई है।
यह किरदार रहस्यमयी हत्याओं की श्रृंखला की जांच करते हुए अपने अतीत की दर्दनाक यादों का सामना करता है। इस सीरीज़ में सूर्य शर्मा, सोनी राजदान और जिशु सेनगुप्ता भी प्रमुख भूमिकाओं में दिखाई देंगे। ‘ब्राउन’ अब केवल हिंदी में जी5 पर विशेष रूप से स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध है। दर्शक इस थ्रिलर का आनंद घर बैठे ही ले सकते हैं।


