106 प्रतिभागियों का चयन मुख्य प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के लिए किया गया

एवीएस न्यूज, भोपाल।

बीएचईएल, भोपाल में हिन्दी मास, 2026 के अंतर्गत गत दिवसप्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर जन्मेजय शर्मा, महाप्रबंधक (वित्त), हेमराम पटेल, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) तथा  धर्मेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर महाप्रबंधक (टीआरएम) उपस्थित थे।

इस अवसर पर हेमराम पटेल ने कहा कि बीएचईएल के कर्मचारी प्रत्येक वर्ष हिन्दी मास के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। उन्होंने कहा कि प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के प्रति कर्मचारियों में विशेष उत्साह देखने को मिलता है। प्रतियोगिता में जीत महत्वपूर्ण है, लेकिन हारने वाला प्रतिभागी भी यहां से कुछ कुछ सीखकर जाता है। उन्होंने कहा कि सभी का समय मूल्यवान है, इसलिए जो भी कार्य करें, पूरे मन और लगन से करें। उन्होंने प्रतिभागियों से स्वयं को हमेशा प्रतिस्पर्धा में बनाए रखने तथा अपने ज्ञान को निरंतर अपडेट करते रहने का आह्वान किया।

जन्मेजय शर्मा ने कहा कि प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता अत्यंत रोचक है, यही कारण है कि कर्मचारियों में इसके प्रति विशेष रूझान देखने को मिलता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। वहीं, धर्मेन्द्र सिंह ठाकुर ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे अपने ज्ञान का पूरा उपयोग करते हुए प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करें।

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में कुल 788 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इनमें से 106 प्रतिभागियों का चयन मुख्य प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के लिए किया गया। इसके बाद लकी ड्रॉ के माध्यम से चयनित प्रतिभागियों को 6 मुख्य समूहों एवं 8 चैलेंजर समूहों में विभाजित कर मुख्य प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई।

कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन पूनम साहू, प्रबंधक (राजभाषा) ने किया। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका श्री अजय आर्य, अपर महाप्रबंधक (एचएमई) ने निभाई। इस कार्य में शैलेन्द्र कुमार पांडे, वरिष्ठ प्रबंधक (एचएमई) ने भी सहयोग किया।