स्वच्छ ऊर्जा जागरुकता: भोपाल पहुंची ‘अवादा भारत उदय यात्रा’
एवीएस न्यूज. भोपाल
स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र की अग्रणी कंपनी अवादा ग्रुप द्वारा आयोजित राष्ट्रव्यापी जागरूकता अभियान ‘अवादा भारत उदय यात्रा’ भोपाल पहुंची।
इस अभियान का उद्देश्य लोगों को स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है, ताकि देश को ऊर्जा के क्षेत्र में अधिक आत्मनिर्भर और पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सके।
अवादा ग्रुप के अनुसार कंपनी का स्वच्छ ऊर्जा पोर्टफोलियो 17.7 गीगावाट पीक से अधिक हो चुका है, जिसमें 7.2 गीगावाट पीक परियोजनाएं संचालन में हैं, जबकि लगभग 10.5 गीगावाट पीक परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं। यह कंपनी की मजबूत निष्पादन क्षमता और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में बढ़ते योगदान को दर्शाता है।
इस अवसर पर अवादा ग्रुप के चेयरमैन विनीत मित्तल ने कहा कि 8 मई 2026 को नोएडा स्थित कंपनी कार्यालय से शुरू हुई यह यात्रा एक राष्ट्रव्यापी जन-जागरूकता अभियान के रूप में आगे बढ़ रही है। इसका लक्ष्य आम लोगों के बीच स्वच्छ ऊर्जा की समझ विकसित करना और सौर, पवन तथा अन्य नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों को अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
विशेष रूप से तैयार की गई यह यात्रा वैन अब तक उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश सहित सात राज्यों के दस शहरों में पहुंच चुकी है तथा लगभग 3,226 किलोमीटर की दूरी तय कर चुकी है। यात्रा के दौरान विभिन्न जन-संपर्क कार्यक्रमों, संवाद सत्रों और जागरूकता गतिविधियों माध्यम से लोगों को स्वच्छ ऊर्जा के महत्व से अवगत कराया जा रहा है।






