एमआईटी वर्ल्ड यूनिवर्सिटी का आज से दो दिवसीय वर्ल्ड टेक्नोलॉजी समिट
एवीएस न्यूज. पूणे
एमआईटी वर्ल्ड यूनिवर्सिटी वर्ल्ड टेक्नोलॉजी ग्रुप के साथ मिलकर दो दिसवीय (6-7 नवंबर) आयोजित पहले वर्ल्ड टेक्नोलॉजी समिट 2025 के मेजबानी करेगा। यह वैश्विक शिखर सम्मेलन बेहद महत्वपूर्ण है, जो टेक्नोलॉजी, विज्ञान और इनोवेशन के क्षेत्र में इंसानी कौशल को बढ़ावा देगा।
इसमें दुनिया भर के संस्थानों, स्टार्टअप्स, नीति बनाने वालों और जाने-माने विचारकों के साथ-साथ 25 देशों के 500 से ज़्यादा प्रतिनिधि शामिल होंगे। देश भर में शुरू की गई 'मेक इन इंडिया' जैसी पहल के तहत रजिस्ट्रेशन करने वाले स्टार्टअप्स की संख्या 1.6 लाख से ज्यादा है, जिससे पता चलता है कि दुनिया में टेक्नोलॉजी और एंटरप्रेन्योरशिप के लिए बेहतर माहौल के विकास में भारत सबसे आगे है।
दो दिनों तक चलने वाले इस शिखर सम्मेलन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), बायोटेक्नोलॉजी, लाइफ साइंसेज, डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर और शिक्षा के क्षेत्र में हुई बड़ी प्रगति पर चर्चा की जाएगी, और इस तरह जानकारी के आदान-प्रदान तथा विभिन्न क्षेत्रों में संवाद के लिए एक मंच उपलब्ध होगा। इस आयोजन में दुनिया भर के शोधकर्ता, टेक्नोलॉजी के जानकार, नीति-निर्माता और इंडस्ट्री के दिग्गज एकजुट होकर आने वाले दशक के लिए टेक्नोलॉजी की दिशा तय करेंगे।
इस मौके पर डॉ. गणेश काकंदीकर, डीन (इनोवेशन, स्टार्टअप्स, एवं कोलैबोरेशन MIT-WPU), तथा वर्ल्ड टेक्नोलॉजी समिट 2025, भारत के संयोजक, ने कहा: "इस शिखर सम्मेलन में विज्ञान और इनोवेशन के क्षेत्र के सभी प्रमुख विशेषज्ञ एकजुट होंगे, जो आने वाले कल की टेक्नोलॉजी और इंसान की भलाई के बीच के रिश्ते को और मज़बूत बनाएगा। यह सम्मेलन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, बायोटेक्नोलॉजी और डिजिटल बदलाव में भारत के योगदान को बढ़ावा देने के लिए सबसे महत्वपूर्ण मंच की भूमिका निभाएगा।"
इस अवसर पर MIT-WPU के एग्जीक्यूटिव प्रेसिडेंट, डॉ. राहुल वी. कराड ने कहा, "MIT-WPU में हम मानते हैं कि, टेक्नोलॉजी को सिर्फ नई-नई खोज के ज़रिए नहीं, बल्कि नेक इरादे के साथ इंसानियत की सेवा करनी चाहिए। भारत में वर्ल्ड टेक्नोलॉजी समिट की मेज़बानी दुनिया को यह संदेश देती है कि, भविष्य में पूरी दुनिया में होने वाला इनोवेशन सबको साथ लेकर चलने वाला, नैतिकता पर आधारित और शांति की भावना से जुड़ा हुआ होना चाहिए। हम विज्ञान और अध्यात्म को जोड़कर, टेक्नोलॉजी को इंसानियत की तरक्की का जरिया बनाना चाहते हैं।"
वर्ल्ड टेक्नोलॉजी ग्रुप के फाउंडर एवं एग्जीक्यूटिव चेयरमैन, पॉल जे. फोस्टर ने कहा, "वर्ल्ड टेक्नोलॉजी समिट ने विश्व स्तर पर चर्चा के लिए एक मार्गदर्शक की भूमिका निभाई है, जो टेक्नोलॉजी, विज्ञान और इनोवेशन के साथ-साथ हमारे साझा भविष्य को आकार देने वाले लोगों को बढ़ावा देता है। भारत के पुणे में मौजूद बेहद सम्मानित संस्थान, MIT-WPU में हमारा पहला सम्मेलन 'इनोवेशन का प्रभाव, ग्लोबल कनेक्टिविटी तेजी लाने की जरूरत' की थीम पर आधारित है। यह सम्मेलन दुनिया भर के विचारकों और इनोवेशन करने वालों से ऐसी टेक्नोलॉजी के उपयोग की गुजारिश करता है, जो नेक इरादे और ज़िम्मेदारी के साथ इंसानियत की सेवा करे।"

