पारमार डेयरी एंड स्वीट्स पर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, दही और बेसन के नमूने जांच के लिए भेजे गए
एवीएस न्यूज.भोपाल
उपभोक्ता से मिली खाद्य सुरक्षा संबंधी शिकायत के आधार पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन, भोपाल ने पारमार डेयरी एंड स्वीट्स, 11 नंबर, भोपाल का निरीक्षण कर वैधानिक कार्रवाई की है। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान से दही और बेसन के नमूने लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
अभिहित अधिकारी, खाद्य सुरक्षा प्रशासन भोपाल देवेंद्र कुमार वर्मा के निर्देश पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवराज पावक और खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती साधना सक्सेना ने प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत की गई।
विभाग के अनुसार निरीक्षण के दौरान मिली अनियमितताओं को लेकर प्रतिष्ठान संचालक को सुधार सूचना (Improvement Notice) और कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। संचालक को निर्देश दिए गए हैं कि वह दो दिन के भीतर कमियों का निराकरण कर अपना स्पष्टीकरण और अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
विभाग ने नोटिस में स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय में सुधार नहीं किया गया या जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत खाद्य लाइसेंस के निलंबन या निरस्तीकरण सहित अन्य कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
अभिहित अधिकारी देवेंद्र कुमार वर्मा ने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट और प्रतिष्ठान के जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, शुद्धता या सुरक्षा से जुड़ी किसी भी शिकायत की जानकारी विभाग को दें, ताकि समय पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।






