चांदी की हॉलमार्किंग...1 सितंबर से बदलेंगे कई नियम, जेब पर पड़ेगा सीधा असर
भोपाल।हर महीने की पहली तारीख कुछ नई शुरुआत और बदलाव लेकर आती है। इस बार 1 सितंबर 2025 से भी कई बड़े बदलाव लागू होने जा रहे हैं, जिनका सीधा असर आम लोगों पर पड़ेगा। इनमें चांदी की अनिवार्य हॉलमार्किंग, एसबीआई क्रेडिट कार्ड पर नए चार्ज और डाक विभाग की रजिस्ट्री सेवा का स्पीड पोस्ट में विलय जैसे नियम शामिल हैं।
-एसबीआई डेबिट असफल होने पर 2 फीसदी की पेनल्टी
एसबीआई ने अपने क्रेडिट कार्ड धारकों के लिए नए नियम लागू किए हैं। अब यदि आपके कार्ड का ऑटो-डेबिट असफल होता है, तो 2 फीसदी पेनल्टी देनी होगी। इंटरनेशनल ट्रांजेक्शन, फ्यूल और ऑनलाइन शॉपिंग पर भी अतिरिक्त चार्ज लग सकते हैं। साथ ही, रिवॉर्ड पॉइंट्स की वैल्यू घट सकती है और कार्ड प्रोटेक्शन प्लान भी बदलेंगे। 16 सितंबर 2025 से सभी ग्राहकों को नए वेरिएंट में शिफ्ट कर दिया जाएगा।
- अब चांदी पर भी हॉलमार्किंग अनिवार्य
1 सितंबर से चांदी के गहनों और सिक्कों पर भी हॉलमार्किंग जरूरी होगी। अभी तक यह नियम केवल सोने पर लागू था। इससे ग्राहकों को शुद्धता की गारंटी मिलेगी, हालांकि ज्वैलर्स का मानना है कि इससे चांदी की कीमतों में बढ़ोतरी हो सकती है।
- रजिस्ट्री का स्पीड पोस्ट में विलय
डाक विभाग ने बड़ा बदलाव करते हुए रजिस्टर्ड पोस्ट को स्पीड पोस्ट का हिस्सा बना दिया है। अब 1 सितंबर से कोई भी रजिस्ट्री सीधे स्पीड पोस्ट सेवा से जाएगी। इससे प्रक्रिया तेज और सरल हो जाएगी।
- जीएसटी परिषद की बैठक
3-4 सितंबर 2025 को जीएसटी परिषद की 56वीं बैठक होगी। इसमें टैक्स दरों को घटाकर मौजूदा चार स्लैब की जगह दो स्लैब (5 फीसदी और 12फीसदी ) करने का प्रस्ताव चर्चा में रह सकता है। इसका सीधा असर उपभोक्ताओं और कारोबारियों पर पड़ेगा।

