तरबूज और आम में रसायन पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा टीम की बड़ी कार्रवाई
सईद फ्रूट कपनी’ और मो. परवेज की दुकान से लिए तरबूज और आम के नमूने
एवीएस न्यूज. भोपाल
कलेक्टर भोपाल के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम द्वारा शहर भर में लगातार औचक निरीक्षण और सैंपलिंग की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज लालघाटी और करोद फल-सब्जी मंडी में एक दर्जन से अधिक दुकानों पर सघन जांच अभियान चलाया गया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने विशेष रूप से उन फलों के नमूने संग्रहित किए जिनमें कृत्रिम रूप से पकाने वाले रसायनों का उपयोग होने की आशंका थी। कार्रवाई के दौरान ‘सईद फ्रूट कपनी’ (दुकान नंबर 18, संचालक: मोहम्मद सईद) से ‘Yellow Ripe’ (Ethylene Ripener) जब्त किया गया। वहीं, न्यू फ्रूट सब्जी मंडी में मो. परवेज की दुकान से तरबूज और आम के नमूने जांच हेतु लिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी भोजराज सिंह धाकड़ की अगुवाई में की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य आम जनता को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है। विभाग ने लालघाटी और करोद मंडी की अन्य दुकानों का भी निरीक्षण किया और तरबूज, खरबूज और आम के संदिग्ध लॉट की गुणवत्ता जांच के लिए नमूने संग्रहित किए।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल मानक और सुरक्षित फलों और सब्जियों की खरीदारी करें और संदिग्ध उत्पाद मिलने पर अधिकारियों को सूचना दें।






