हिंदी कार्य के लिए इकाई में सभी को प्रोत्‍साहित कर : उपाध्याय
एवीएस न्यूज, भोपाल।

बीएचईएल में शुक्रवार को राजभाषा कार्यान्‍वयन समिति की बैठक कार्यपालक निदेशक प्रदीप कुमार उपाध्‍याय की अध्‍यक्षता में सम्‍पन्‍न हुई। बैठक में टीयू सिंह, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) सहित सभी महाप्रबंधक एवं विभाग प्रमुख उपस्थित थे। 
राजभाषा कार्यान्‍वयन समिति की बैठक में कार्यपालक निदेशक उपाध्‍याय ने कहा कि हिंदी कार्य के लिए इकाई में सभी को प्रोत्‍साहित करें, प्रेरित करें, नई नई गतिविधियां करें साथ ही सदैव कुछ नयापन लाएं। उन्‍होंने कहा कि विभागीय हिंदी ई-पत्रिकाओं में कंपनी की मूलभूत आवश्‍कताओं को ध्‍यान में रखते हुए ऐसे विषयों का चयन किया जाए, जो प्रत्‍यक्ष रूप से कंपनी के हित में लाभदायक हों, जैसे- 5-एस, रखरखाव, सिस्‍टम को बेहतर बनाने के लिए आपके सुझाव, उपलब्धियां, दौरे पर कार्य के दौरान प्राप्‍त अनुभव, इंजीनियरिंग हाइलाइट्स, गुणता पर लेख आमंत्रित किए जाएं।  


उत्पादन के साथ राजभाषा में भी अग्रणी है भोपाल इकाई : सिंह
इससे पूर्व अपने स्‍वागत संबोधन में सिंह ने कहा कि हम सभी के सम्मिलित व समर्पित प्रयासों से बीएचईएल की भोपाल इकाई न केवल उत्‍पादन के क्षेत्र में अपितु राजभाषा के क्षेत्र में भी अग्रणी भूमिका का निर्वहन कर रही है। उन्‍होंने सभी से अपेक्षा की कि वर्तमान में हिंदी के प्रयोग को और अधिक बढ़ाया जाए। अंत में पूनम साहू, प्रबंधक (राजभाषा) ने धन्‍यवाद ज्ञापित करते हुए विगत तिमाही की गतिविधियों एवं आगामी कार्य-योजना पर प्रस्तुतीकरण करते हुए बताया कि बैठक में भोपाल इकाई में राजभाषा कार्यान्‍वयन को और अधिक प्रभावी बनाने संबंधी विभागीय कार्य योजनाओं, बैठकों, प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं, आदि विभिन्न विषयों पर जानकारी साझा की।