एमपीटी में 19 साल से जारी आउटसोर्स सिस्टम, कंपनी बदली पर स्टॉफ नहीं : विकास खरे


एवीएस न्यूज ..भोपाल 


मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम में स्टॉफ और आउटसोर्स कंपनियों को लेकर उठ रहे सवालों पर निगम के अधिकारी विकास खरे ने स्थिति स्पष्ट की है।

उन्होंने कहा कि एमपीटी में पिछले करीब 19 वर्षों से आउटसोर्स कंपनियों के माध्यम से सेवाएं ली जा रही हैं और यह व्यवस्था लगातार जारी है।
विकास खरे के अनुसार, आउटसोर्स कंपनी बदलने के बावजूद कार्यरत स्टॉफ में बदलाव नहीं किया जाता।  कर्मचारियों का अनुभव और कार्यप्रणाली को देखते हुए उन्हें यथावत रखा जाता है, ताकि निगम के कार्य प्रभावित न हों।

उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया नियमों और प्रशासनिक आवश्यकताओं के तहत संचालित होती है। 
गौरतलब है कि हाल ही में आउटसोर्स कर्मचारियों और कंपनियों को लेकर उठे सवालों के बाद निगम की कार्यप्रणाली चर्चा में आई थी।

इस पर सफाई देते हुए खरे ने कहा कि आउटसोर्स व्यवस्था का उद्देश्य सेवाओं को सुचारू बनाए रखना है और इसमें किसी प्रकार की अनियमितता नहीं है।

निगम प्रबंधन का कहना है कि पर्यटन गतिविधियों और होटल संचालन जैसे कार्यों में अनुभवी स्टॉफ की आवश्यकता होती है, इसलिए कंपनी बदलने के बाद भी कर्मचारियों को बनाए रखा जाता है।


निगम प्रबंधन का कहना है कि कार्यरत कर्मचारियों को समय-समय पर ट्रेनिंग भी दिलाई जाती है। पिछले साल ही नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वाटर स्पोर्ट्स गोवा 24 जून से 3 जुलाई और इसके बाद 3 जुलाई से 10 जुलाई तक जबलपुर में प्रशिक्षण दिया गया था। इसमें जीवन रक्षा तकनीक, जल क्रीड़ा और इंजन चलित बोट के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया था।


कंपनी केवल पेरोल प्रबंधन करती है, कर्मचारियों का चयन नहीं


वर्तमान में मप्र पर्यटन विकास निगम में आउटसोर्स पर कर्मचारी उपलब्ध करा रही आरबी एसोसिएट्स ग्लोबल कनेक्ट प्रा. लि. का कहना है कि हम केवल पे रोल मैनेजमेंट का काम काम रहे कर्मचारी वर्षों से निगम अंतर्गत सेवाएं दे रहे थे। इनका चयन हमारी एजेंसी के माध्यम से नहीं किया गया था।

आरबी एसोसिएट्स के जनसंपर्क अधिकारी रजनीश कुमार ने बताया कि मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम द्वारा प्रत्येक एजेंसी के कार्यकाल के उपरांत निविदा निकाली जाती है।

जिसमें आउटसोर्स मैन पॉवर यथावत रहती है, केवल पे रोल मैनेजमेंट के लिए एजेंसी बदल जाती है। हमारी कंपनी अक्टूबर 2025 से बरगी हादसे से संबंधित कर्मचारियों के पे रोल मैनेजमेंट का काम कर रही है।