एवीएस न्यूज. भोपाल 
अमेजन इंडिया ने दावा किया है कि उसका 10वां प्राइम डे संस्करण अब तक का सबसे तेज़ और सबसे सफल रहा। कंपनी के अनुसार, अमेजऩ नाउ सेवा वाले शहरों में डील पर खरीदे गए हर दो में से एक उत्पाद की डिलीवरी कुछ ही मिनटों में कर दी गई। वहीं, पिछले प्राइम डे की तुलना में उसी दिन डिलीवरी में तीन गुना से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

कंपनी के मुताबिक, इस बार प्राइम मेंबरशिप के 70 प्रतिशत से अधिक नए साइन-अप टियर-2 और टियर-3 शहरों से आए। छोटे और मध्यम कारोबारियों की भी अब तक की सबसे अधिक भागीदारी रही और रिकॉर्ड संख्या में विक्रेताओं ने 10 लाख रुपये से अधिक की बिक्री का आंकड़ा पार किया।  


अमेजन इंडिया के वाइस प्रेसिडेंट (प्राइम एवं कस्टमर फुलफिलमेंट एक्सपीरियंस) अक्षय साही ने कहा कि प्राइम डे ग्राहकों के लिए बचत, तेज़ डिलीवरी, नए लॉन्च और शानदार ऑफर्स का सबसे बड़ा उत्सव बन चुका है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन कंपनी के साथ-साथ सेलर्स और ग्राहकों के लिए भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि रहा।

प्राइम डे के दौरान प्रीमियम इलेक्ट्रॉनिक्स, ब्यूटी, ग्रूमिंग, स्मार्ट होम, होम एंटरटेनमेंट और ट्रैवल लगेज जैसी श्रेणियों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। प्रीमियम ब्यूटी उत्पादों की बिक्री सालाना आधार पर तीन गुना बढ़ी, जबकि 35,000 रुपए से अधिक कीमत वाले प्रीमियम टीवी की मांग दोगुनी रही। 65 इंच और उससे बड़े स्क्रीन वाले टीवी की बिक्री में भी तेज उछाल देखने को मिला।

टू-व्हीलर श्रेणी में भी 1.65 गुना वृद्धि दर्ज की गई, जबकि 1.5 लाख रुपये से अधिक कीमत वाली प्रीमियम मोटरसाइकिलों की बिक्री 2.3 गुना बढ़ी। हार्ले-डेविडसन, केटीएम और ट्रायम्फ जैसी प्रीमियम बाइक्स के 70 प्रतिशत खरीदार टियर-2 और टियर-3 शहरों से रहे।

ग्राहकों ने एआई आधारित लैपटॉप, स्मार्ट वॉटर प्यूरीफायर, रोबोटिक वैक्यूम, कॉफी मशीन और अन्य स्मार्ट होम उत्पादों में भी विशेष रुचि दिखाई। भुगतान के लिए लगभग हर दो में से एक ग्राहक ने अमेजन पे का उपयोग किया, जबकि मोबाइल, टीवी और बड़े उपकरणों की हर चार में से एक खरीद ईएमआई पर की गई।