हाइड्रो-जनरेटर के स्टेटर बार की गुणवत्ता और विश्वसनीयता को बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी

एवीएस न्यूज, भोपाल।

 बीएचईएल, भोपाल के टीजीएम विभाग में सादे किंतु गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बीएचईएल भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रदीप कुमार उपाध्याय की उपस्थिति में मेसर्स एनएचपीसी लिमिटेड की दिबांग बहुउद्देशीय परियोजना में स्थापित किए जाने वाले हाइड्रो-जनरेटर के टॉप एवं बॉटम स्टेटर बार के वैक्यूम प्रेशर इम्प्रैग्नेशन (वीपीआई) के लिए आवश्यक फिक्स्चर का विनिर्माण कर उसे सीआईएम विभाग को सुपुर्द किया गया।

इस अवसर पर महाप्रबंधक (फीडर्स एवं ट्रांसफॉर्मर-विनिर्माण, कमर्शियल एवं अनुरक्षण) रूपेश तैलंग तथा महाप्रबंधक (फीडर्स) संतोष डोंगरे विशेष रूप से उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि टीजीएम विभाग ने दिबांग बहुउद्देशीय परियोजना के लिए अब तक के सबसे लंबे टॉप एवं बॉटम स्टेटर बार के स्टील फॉर्मर एवं वीपीआई फिक्स्चर का डिजाइन और आपूर्ति सफलतापूर्वक पूरी की है। विभाग ने इस कार्य में मटेरियल लागत में लगभग 10 प्रतिशत तथा विनिर्माण समय में 25 प्रतिशत की कमी हासिल की है। इन उपकरणों के उपयोग से स्टेटर बार की उत्पादकता में वृद्धि के साथ-साथ निर्धारित गुणवत्ता सुनिश्चित करने में भी मदद मिलेगी।

वीपीआई फिक्स्चर की प्रमुख विशेषता यह है कि यह स्टेटर बार को शून्य-रिक्तता (Void-free), ठोस विद्युत इन्सुलेशन तथा उत्कृष्ट संरचनात्मक मजबूती प्रदान करने में सक्षम है। इससे हाइड्रो-जनरेटर के स्टेटर बार की गुणवत्ता और विश्वसनीयता को बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी।

इस अवसर पर संबंधित विनिर्माण दस्तावेज भूषण लाल वर्मा, अपर महाप्रबंधक (टीजीएम एवं एफडीएक्स) द्वारा प्रीति गुप्ता, अपर महाप्रबंधक (सीआईएम) को सौंपे गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्यपालक निदेशक प्रदीप कुमार उपाध्याय ने विभिन्न परियोजनाओं के लिए आवश्यक टूलिंग का तत्परता से डिजाइन एवं समय पर आपूर्ति करने के लिए टीजीएम विभाग की सराहना की। उन्होंने विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक (डब्ल्यूटीएम, जीजेबी एवं हाइड्रो- अनुरक्षण)  मनोज नीलाम्वर, अपर महाप्रबंधक (आईएमएम एवं एलईएम) आनन्द कुमार गोस्वामी, अपर महाप्रबंधक (एचजीएम) विशाल शर्मा, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक (टीजीएम) सानीलाल टोप्पो, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक (आईएसई) विश्वनाथ उरॉव सहित टीजीएम विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।