ज़ी टीवी लेकर आ रहा है मां और बच्चों के अनमोल रिश्ते का जश्न, ‘मां है ना’ के टेलीविजन प्रीमियर के साथ
एवीएस न्यूज . मुंबई
ज़ी टीवी हमेशा से ऐसी कहानियां और शोज़ लेकर आया है, जो रिश्तों, पारिवारिक मूल्यों और दिल को छू लेने वाले जज़्बात का जश्न मनाते हैं। अब इसी सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए चैनल ज़ी5 पर शानदार सफलता हासिल करने के बाद बेहद पसंद किए गए कॉमेडी कुकिंग रियलिटी शो ‘मां है ना’ को पहली बार टेलीविजन पर लेकर आ रहा है। 4 जुलाई से शुरू होने वाला यह शो हर शनिवार और रविवार शाम 6 बजे प्रसारित होगा। स्वादिष्ट खाने, ढेर सारी मस्ती, हंसी और मां बच्चों के अनमोल रिश्ते से भरा यह शो पूरे परिवार का दिल जीतने के लिए तैयार है।
नीति और प्रीति द्वारा लिल फ्रोडो प्रोडक्शंस के बैनर तले बनाए गए इस शो को शिल्पा शेट्टी कुंद्रा होस्ट कर रही हैं। ‘मां है ना’ का अंदाज बिल्कुल अलग और दिल को छू लेने वाला है। इसमें छह पॉपुलर जेन ज़ी चेहरे अपनी मां या परिवार के किसी खास सदस्य के साथ किचन में नजर आएंगे। शुरुआत में यह सिर्फ मजेदार कुकिंग चैलेंज जैसा लगता है, लेकिन धीरे धीरे यह एक खूबसूरत सफर बन जाता है, जहां खुलकर होने वाली बातें, नोकझोंक, पुरानी यादें, ज़िंदगी की सीख और मां के बेपनाह प्यार से भरे कई भावुक पल देखने को मिलते हैं।
इस शो में सुनीता आहुजा अपनी बेटी टीना आहूुजा, उर्वशी ढोलकिया अपने बेटे क्षितिज ढोलकिया, तान्या मित्तल अपनी मां सुनीता मित्तल, गुल्लू अपनी मां मुनेश तंवर, शाहिदा अंसारी अपने भांजे अफगान और भाग्यश्री ई. शर्मा अपनी मां रिंजू शर्मा के साथ नजर आएंगी। कुकिंग, मस्ती और दिलचस्प मुकाबलों के बीच हर एपिसोड रिश्तों की गर्माहट, दो पीढ़ियों की सोच और परिवार के प्यार को खूबसूरती से दिखाएगा। यह शो याद दिलाएगा कि स्वादिष्ट खाना लोगों को एक साथ जरूर लाता है, लेकिन रिश्तों में असली मिठास प्यार, अपनापन, यादें और दिल से की गई बातचीत से आती है।
ज़ी5 पर अपने सफल सफर के दौरान ‘मां है ना’ ने अपने अलग कॉन्सेप्ट, परिवार से जुड़ी सच्ची कहानियों और दिल को छू लेने वाले पलों से दर्शकों का खूब प्यार जीता। आधुनिक सोच और पारंपरिक रिश्तों का खूबसूरत मेल इस शो को हर उम्र के दर्शकों के लिए खास बनाता है। मां और बच्चों के अनमोल रिश्ते को जिस खूबसूरती से यह शो दिखाता है, वही इसकी सबसे बड़ी ताकत है।
अब पहली बार टेलीविजन पर आ रहा ‘मां है ना’ दर्शकों को एक बार फिर वही खूबसूरत पल जीने का मौका देगा।
4 जुलाई से, हर शनिवार और रविवार, शाम 6 बजे, सिर्फ ज़ी टीवी पर देखिए ‘मां है ना’ और मां के प्यार, अपनेपन और खूबसूरत रिश्तों का जश्न मनाइए।






