व्यापारियों और ट्रांसपोर्टरों  ने कहा-समस्याओं का सीधा असर व्यापार और परिवहन गतिविधियों पर पड़ रहा 


एवीएस न्यूज. भोपाल
व्यापारियों और ट्रांसपोर्टरों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) देवेश चंद्र श्रीवास्तव से भेंट की और शहर में कानून-व्यवस्था, यातायात और सुरक्षा से संबंधित समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की।


 यह प्रतिनिधिमंडल दिल्ली व्यापार महासंघ और ऑल इंडिया मोटर एंड गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के संयुक्त प्रतिनिधित्व में मिला, जिसमें देवराज बवेजा, राजेन्द्र कपूर, चन्द्र भूषण गुप्ता, भारत भूषण गुप्ता, मुजीब-उर-रहमान, देवेन्द्र सिंह और गुलशन कुमार शामिल रहे।


बैठक में मुख्य रूप से अतिक्रमण, ट्रैफिक जाम, झपटमारी, चोरी, माल की सुरक्षा, साइबर अपराध, अवैध पार्किंग और बाजार क्षेत्रों की सुरक्षा जैसे मुद्दे उठाए गए। प्रतिनिधियों ने कहा कि इन समस्याओं का सीधा असर व्यापार और परिवहन गतिविधियों पर पड़ रहा है। विशेष पुलिस आयुक्त ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि आगामी 20 दिनों में स्थिति में सुधार दिखाई देगा।

उन्होंने कहा कि पूर्ण परिवर्तन तुरंत संभव नहीं है, लेकिन 30 से 35 प्रतिशत तक सकारात्मक बदलाव जल्द महसूस किया जा सकेगा।


उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस और व्यापारिक समुदाय के बीच बेहतर समन्वय से शहर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस के सकारात्मक रुख की सराहना करते हुए भविष्य में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।