विद्यारंभ के साथ जन्मदिन, अन्नप्राशन, नामकरण, यज्ञोपवीत, मुंडन एवं दो विवाह संस्कार भी हुए

हरिभूमि के वरिष्ठ पत्रकार प्रवीण सक्सेना का गायत्री परिवार ने किया सम्मानित

एवीएस न्यूज, भोपाल| परम वंदनीय माताजी की जन्म शताब्दी एवं अखंड दीप स्थापना शताब्दी वर्ष के गरिमामय शुभारंभ के अंतर्गत, परम पूज्य गुरुदेव के आध्यात्मिक जन्मदिवस वसंत पंचमी के पावन अवसर पर गायत्री शक्तिपीठ में 24 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने आहूतियां डालकर अपने मन को निर्मल बनाया। वसंत पंचमी का पर्व मां वीणापाणि सरस्वती की आराधना से विशेष रूप से जुड़ा होता है। इस शुभ अवसर पर अनेक विद्यार्थियों ने विद्यारंभ संस्कार में भाग लेकर ज्ञान, एकाग्रता एवं सदाचार का आशीर्वाद प्राप्त किया।  इस दौरान हरिभूमि के वरिष्ठ पत्रकार प्रवीण सक्सेना को भी गायत्री परिवार के वरिष्ठ सहयोगी रमेश अभिलाषी, रमेश नागर, अशोक सक्सेना और अन्य सदस्यों ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।


कार्यक्रम के दौरान 40 नए परिजनों ने गुरु दीक्षा ग्रहण कर परम पूज्य गुरुदेव के आध्यात्मिक मार्गदर्शन को अपने जीवन में स्वीकार किया। साथ ही जन्मदिन, अन्नप्राशन, नामकरण, यज्ञोपवीत, मुंडन एवं दो विवाह संस्कार जैसे महत्वपूर्ण वैदिक संस्कार विधिपूर्वक संपन्न हुए। 24 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ रमेश अभिलाषी एवं महिला मंडल की टोली द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया गया। इसके बाद आयोजित भंडारे में प्रसादी ग्रहण की। भंडारे की भोजन व्यवस्था में मुख्य सहयोग पं‍. राकेश मिश्रा और उनके साथियों का रहा। इस अवसर पर विद्यारंभ संस्कार युवाओं की टोली पंकज बड़ौदे की टीम द्वारा संपन्न कराया गया। दीक्षा संस्कार शांतिकुंज प्रतिनिधि सदानंद अंबेकर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जबकि अन्नप्राशन, मुंडन एवं नामकरण संस्कार गंगा प्रसाद झारिया, जी.एल. मेघवाल एवं व्यास द्वारा कराए गए।