अमेज़न नाउ ने डिलीवरी एसोसिएट्स के कल्याण हेतु समर्पित कार्यक्रम 'सम्मान' लॉन्च किया
एवीएस न्यूज. नई दिल्ली
अमेज़न ने अपनी अल्ट्रा-फास्ट डिलीवरी सेवा अमेज़न नाउ का विस्तार करते हुए इसे देश के 300 से अधिक शहरों तक पहुंचाने की घोषणा की है। कंपनी का लक्ष्य भारत का सबसे बड़ा 'डिलीवरी इन मिनट्स' नेटवर्क तैयार करना है। लॉन्च के बाद से अमेज़न नाउ के ऑर्डर हर तिमाही दोगुने हुए हैं, जिससे यह अमेज़न इंडिया के इतिहास में सबसे तेज़ी से बढ़ने वाली ई-कॉमर्स इकाई बन गई है।
अमेज़न अपने विशेष फुलफिलमेंट नेटवर्क का विस्तार कर ग्राहकों को उनकी ज़रूरत के मुताबिक उत्पादों की सबसे व्यापक श्रृंखला उपलब्ध कराएगा। इसके तहत हजारों उत्पाद मिनटों या कुछ घंटों में, 10 लाख से अधिक उत्पाद उसी दिन, 40 लाख से अधिक उत्पाद अगले दिन और लाखों अन्य उत्पाद मुफ्त, तेज़ और असीमित प्राइम डिलीवरी के साथ उपलब्ध कराए जाएंगे। अपने ई-कॉमर्स और क्विक कॉमर्स कारोबार से जुड़े दसियों हजार डिलीवरी सहयोगियों के कल्याण के लिए ‘सम्मान’ नामक विशेष कार्यक्रम की भी घोषणा की है।
कंपनी ने बताया कि परिचालन और सहयोगी कल्याण के लिए हाल ही में घोषित 30 करोड़ डॉलर के निवेश का एक हिस्सा इस कार्यक्रम के विस्तार और मजबूती पर खर्च किया जाएगा।
अमेज़न इंडिया के कंट्री मैनेजर समीर कुमार ने कहा, “अमेज़न इंडिया के इतिहास में अमेज़न नाउ सबसे तेज़ी से बढ़ने वाला ई-कॉमर्स इकाई बन गई है, लॉन्च के बाद से इसके ऑर्डर हर तिमाही दोगुने हुए हैं और ग्राहकों, खासकर प्राइम सदस्यों, से इसे शानदार प्रतिक्रिया मिली है। प्राइम सदस्य अमेज़न नाउ का उपयोग शुरू करने के बाद अपनी खरीदारी की रफ्तार तीन गुना बढ़ा देते हैं। विस्तार की रफ्तार बढ़ाते हुए हम जल्द ही देश के 300 से अधिक शहरों में अल्ट्रा-फास्ट डिलीवरी उपलब्ध कराएंगे।
हमारे डिलीवरी सहयोगी इस सफलता की सबसे अहम कड़ी हैं। इसलिए मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि हम 'सम्मान' कार्यक्रम शुरू कर रहे हैं, जो हमारे डिलीवरी सहयोगियों के कल्याण पर केंद्रित है। इसके जरिए हम उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और उनके परिवारों के बेहतर भविष्य को समर्थन देंगे।
हमारा वादा है कि जैसे-जैसे अमेज़न आगे बढ़ेगा, वैसे-वैसे उसे आगे बढ़ाने वाले लोग भी प्रगति करेंगे, उन्हें हर दिन बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, उनके परिवारों के लिए शिक्षा सहयोग और एक सुरक्षित कामकाजी माहौल मिलेगा।“
अमेज़न नाउ अभी 50 मिलियन से अधिक ग्राहकों को सेवा दे रहा है और यह 15 से अधिक महानगरीय और गैर-महानगरीय शहरों जैसे बेंगलुरु, दिल्ली-एनसीआर, मुंबई, पुणे, हैदराबाद, अमृतसर और कोच्चि में उपलब्ध है।
कंपनी अपने माइक्रो फुलफिलमेंट सेंटर और अर्बन फुलफिलमेंट सेंटर नेटवर्क का विस्तार करेगी, जहां रोजमर्रा की ज़रूरत का सामान उपलब्ध होगा। इनमें किराना, फल और सब्जियां, फ्रोजन फूड, पर्सनल केयर, फैशन और ब्यूटी उत्पाद, छोटे घरेलू उपकरण, होम और किचन उत्पाद सहित कई श्रेणियां शामिल होंगी, जिनकी डिलीवरी मिनटों में की जाएगी।
‘सम्मान’ अमेज़न के भारत स्थित लॉजिस्टिक्स नेटवर्क के हजारों डिलीवरी सहयोगियों के लिए एक व्यापक कल्याण कार्यक्रम है। इसके तहत सहयोगियों के बच्चों की शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति, सरकारी योजनाओं और वित्तीय समावेशन कार्यक्रमों तक पहुंच, बेहतर बीमा सुरक्षा, सड़क सुरक्षा से जुड़े उपाय और अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
कार्यक्रम के तहत अमेज़न इस वर्ष अपने ‘आश्रय’ विश्राम केंद्रों की संख्या बढ़ाकर 250 स्थानों तक पहुंचाएगा। ये केंद्र उद्योग के किसी भी डिलीवरी सहयोगी के उपयोग के लिए उपलब्ध होंगे।






