मप्र में बीएएसएफ ने शुरू की ‘सुरक्षा हमेशा-कृषक जागरूकता यात्रा’
किसानों को फसल सुरक्षा उत्पादों के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग के लिए किया जाएगा जागरुक
एवीएस न्यूज..भोपाल
वैश्विक कृषि समाधान कंपनी बीएएसएफ एग्रीकल्चरल सॉल्यूशंस ने मध्यप्रदेश कृषि विभाग के सहयोग से भोपाल जिले के ग्राम शोभापुर से ‘सुरक्षा हमेशा- कृषक जागरूकता यात्रा’ का शुभारंभ किया।
इस अभियान का उद्देश्य किसानों को फसल सुरक्षा उत्पादों के सुरक्षित, जिम्मेदार और वैज्ञानिक उपयोग के प्रति जागरूक करना है।
शुभारंभ अवसर पर भोपाल कृषि विभाग की उप संचालक (डीडीए) डॉ. सुमन प्रसाद, अखिल भारतीय कृषि विक्रेता संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मानसिंह राजपूत, बीएएसएफ एग्रो के निदेशक गिरिधर , बीएएसएफ मध्यप्रदेश के बिजनेस मैनेजर योगेंद्र सिंह राठौड़ सहित बड़ी संख्या में किसान, कृषि विक्रेता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
बीएएसएफ के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में कई किसानों को फसल सुरक्षा उत्पादों के सही उपयोग, उचित मात्रा, सुरक्षा उपायों और व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों (पीपीई) के उपयोग की पर्याप्त जानकारी नहीं मिल पाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए कंपनी ने यह मोबाइल जागरूकता अभियान शुरू किया है।
‘सुरक्षा हमेशा -कृषक जागरूकता यात्रा’ के तहत विशेष रूप से तैयार किए गए 6 जागरूकता वाहन मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों में 30 दिनों तक भ्रमण करेंगे। इस दौरान किसानों और स्प्रे ऑपरेटरों को फसल सुरक्षा उत्पादों के सुरक्षित उपयोग के नौ महत्वपूर्ण चरण, उत्पादों के सही भंडारण, उचित मात्रा में उपयोग, खाली पैकेजिंग के सुरक्षित निपटान और पीपीई के महत्व की जानकारी दी जाएगी।
बीएएसएफ का ‘सुरक्षा हमेशा’ कार्यक्रम कई वर्षों से किसानों और स्प्रे ऑपरेटरों को सुरक्षित कृषि पद्धतियों के लिए प्रशिक्षण देता आ रहा है। कंपनी का कहना है कि छोटे और बड़े सभी किसानों को सुरक्षित कृषि कार्य करने और स्वास्थ्य जोखिमों से बचाव की जानकारी मिलना जरूरी है।
बीएएसएफ एग्रीकल्चरल सॉल्यूशंस नवीन कृषि तकनीक, वैज्ञानिक जानकारी और जिम्मेदार कृषि पद्धतियों के माध्यम से किसानों की उत्पादकता बढ़ाने के साथ-साथ सुरक्षित एवं सतत कृषि विकास को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रहा है। ‘सुरक्षा हमेशा- कृषक जागरूकता यात्रा’ इसी उद्देश्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।






