निगम कमिश्नर ने अधिकारियों से पूछा कि शहर में सफाई व्यवस्था कैसी चल रही है!
स्वच्छता सर्वेक्षण-2025-26 को लेकर बैठक
एएचओ, एसबीएम सहित नोडल और सहायक नोडल अधिकारियों से ली जानकारी
3 दिन में 1700 लोगों ने दिया फीडबैक, कमिशनर बोलीं- 2 लाख लोगों के फीडबैक के लिए एक-एक व्यक्ति को दें जानकारी
एवीएस न्यूज, भोपाल।
स्वच्छता सर्वेक्षण-2025-26 की तैयारियों को लेकर नगर निगम अब सख्त नजर आ रहा है। शहर की सफाई व्यवस्था की जमीनी हकीकत जानने के लिए मंगलवार को निगम कमिश्नर ने नोडल, सहायक नोडल और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। इसमें उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि आखिर शहर में सफाई व्यवस्था जमीनी स्तर पर कैसी चल रही है और इसके लिए किए जा रहे प्रयास कितने प्रभावी हैं। व्यवस्था को मजबूत और कैसे बेहतर करें इसे लेकर उन्होंने सुझाव भी मांगे।
स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के लिए चल रहे पब्लिक फीडबैक के तहत अब तक 1700 ने फीडबैक आए हैं। इस पर उन्होंने सभी 21 जोन के प्रभारी एएचओ को गाइडलाइन के अनुसार 2 लाख से ज्यादा पब्लिक फीडबैक करवाने को कहा। बैठक में 21 जोन के प्रभारी एएचओ सहित एचओ, एसबीएम और अतिक्रमण प्रभारियों से निगम कमिश्रर ने कहा कि इस बार 2 लाख से ज्यादा पब्लिक फीडबैक की जरूरत है। इसलिए एएचओ अपने-अपने क्षेत्र में ज्यादा से ज्यादा आम लोगों से ही फीडबैक करवाएं।
एक-एक व्यक्ति को दें फीडबैक की जानकारी
कमिश्नर संस्कृति जैन ने अधिकारियों से साफ कहा कि निगम के 18 हजार कर्मचारी मिलकर एक-एक व्यक्ति को फीडबैक के बारे जानकारी दें। स्कूल-कॉलेज, कोचिंग संस्थान और प्राइवेट सेक्टर के कार्यालयों के कर्मचारियों को भी इसके बारे में बताएं। ताकि वह अपने शहर की स्वच्छता के लिए वोटिंग करें।
निगम आयुक्त ने सुझाव भी मांगे
उन्होंने सभी 21 जोन के प्रभारी एएचओ सहित विधानसभा के प्रभारी एचओ से सफाई को लेकर सुझाव मांगे। उसने काम के दौरान आने वाली परेशानियों के बारे में भी पूछा। उन्हें नाले की सफाई नहीं होने और रात में सफाई में कमी की बात भी बताई गई।
बाजारों से अतिक्रमण हटाने को कहा
निगम आयुक्त ने शहर के बाजारों से अतिक्रमण हटाने को कहा। उन्होंने शहर के कई क्षेत्रों में पैविंग ब्लॉक लगाने, सुलभ शौचालयों पर व्यवस्था सुधारने, दीवारों पर सुंदर पेंटिंग करवाने की बात भी कही।






