किरार क्षत्रिय महासभा महीनेभर शहर से लेकर कस्बे और ग्रामों में करेगा पौधारोपण
भोपाल । अखिल भारतीय किरार क्षत्रिय महासभा के वृक्षारोपण महोत्सव का शुभारंभ आज महासभा के संरक्षक और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा महासभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती साधना सिंह चौहान ने स्मार्ट सिटी पार्क में पौधारोपण कर किया। कार्यक्रम में सांसद दर्शन सिंह चौधरी, महासभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप चौहान, नवयुवक मंडल के प्रदेश अध्यक्ष रणजीत सिंह चौहान, मंडल के रोहित चौहान, ब्रजेश चौहान, तुलसीराम, वीरसिंह चौहान सहित अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में सदस्यगण मौजूद थे।
- धरती को बचाने और पर्यावरण को स्वच्छ रखने के लिए पौधारोपण जरूरी : केंद्रीय मंत्री
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री चौहान ने समाजजनों का आव्हान किया कि धरती को बचाने और पर्यावरण को स्वच्छ रखने के लिए पौधारोपण जरुरी है और इसे व्यक्तिगत जिम्मेदारी के रुप में लिया जाना चाहिए। हर व्यक्ति खुद भी पौधारोपण करे तथा संपर्क के दूसरे लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करे, पेड़ बनने तक पौधों की देखभाल की जाए। इस अवसर पर उन्होंने महासभा के सदस्यों को पौधारोपण का संकल्प दिलाया तथा कहा कि महासभा की पहल अत्यंत सराहनीय और अनुकरणीय है। महासभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रकृति की सेवा का यह क्रम अनवरत जारी रहेगा।
- जन्मदिन,वैवाहिक वर्षगांठ और मांगलिक अवसरों पर सामाजिक परंपरा का स्वरुप ले चुका है पौधारोपण: साधना सिंह
विदित है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष साधना सिंह चौहान के नेतृत्व में महासभा का वृक्षारोपण महोत्सव अब जन अभियान बन गया है। जन्मदिन और वैवाहिक वर्षगांठ जैसे मांगलिक अवसरों पर पौधारोपण अब सामाजिक परंपरा का स्वरुप ले चुका है। जुलाई से अगस्त तक बारिश के मौसम में एक महीने तक महासभा के सदस्यों द्वारा एक महीने तक शहर से लेकर कस्बे और ग्रामों तक निवास क्षेत्र में विगत कई वर्षों से बारिश के दौरान हर वर्ष पौधारोपण किया जाता है। महासभा के मीडिया प्रभारी चरणसिंह चौहान ने बताया कि कार्यक्रम के समापन पर महासभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप चौहान ने कहा कि प्रति वर्ष की तरह इस वर्ष भी प्रदेश के हर जिला, ब्लाक और ग्राम में 15 अगस्त तक पौधारोपण किया जाएगा।

