एवीएस न्यूज. भोपाल 
अमेजन इंडिया ने मध्य प्रदेश में अपने विस्तारित ऑपरेशंस नेटवर्क का बड़ा विस्तार किया है, जिससे ग्राहकों को अब पहले से कहीं अधिक तेज सेम-डे और नेक्स्ट-डे डिलीवरी का लाभ मिलेगा।

कंपनी ने अप्रैल 2025 में राज्य के डकाच्या क्षेत्र में अपना पहला फुलफिलमेंट सेंटर शुरू किया था, जिसकी स्टोरेज क्षमता 1.7 लाख क्यूबिक फीट है। साल 2025 में अमेजन ने मध्य प्रदेश में 15 नए डिलीवरी स्टेशन शुरू किए, जिसके बाद राज्य में उसका लास्ट माइल डिलीवरी नेटवर्क 110 से अधिक डिलीवरी स्टेशनों तक पहुंच गया है।

इस नेटवर्क में एक फुलफिलमेंट सेंटर, एक सॉर्ट सेंटर तथा भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर और उज्जैन सहित प्रमुख शहरों में फैले डिलीवरी स्टेशन शामिल हैं। कंपनी का दावा है कि इस मजबूत स्थानीय नेटवर्क के कारण सेम-डे और नेक्स्ट-डे डिलीवरी की गति दोगुनी हो गई है।


अमेजन इंडिया के डायरेक्टर (ऑपरेशंस) करन चुग ने बताया कि कंपनी ग्राहकों और विक्रेताओं के और करीब पहुंचकर तेज व भरोसेमंद सेवाएं देने के लिए लगातार निवेश कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 में कंपनी देशभर में अपने ऑपरेशंस नेटवर्क को मजबूत बनाने के लिए 2,800 करोड़ रुपये (300 मिलियन अमेरिकी डॉलर) से अधिक का निवेश कर रही है।

यह निवेश नेटवर्क विस्तार, आधुनिक तकनीक, कर्मचारियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और बेहतर कार्यस्थल सुविधाओं पर केंद्रित रहेगा। मध्य प्रदेश में अमेजऩ प्लेटफॉर्म पर 70 हजार से अधिक सेलर्स और 23 हजार से ज्यादा लोकल शॉप्स जुड़ चुकी हैं। इससे स्थानीय कारोबारियों को देशभर के ग्राहकों तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचने का अवसर मिल रहा है।

फुलफिलमेंट सेंटर में लाखों उत्पादों का स्टॉक उपलब्ध होने से ऑर्डर प्रोसेसिंग और डिस्पैच पहले की तुलना में अधिक तेज़ हो गई है। कंपनी के अनुसार भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर और उज्जैन जैसे शहरों में मोबाइल फोन, कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स, ब्यूटी, ग्रोसरी और पर्सनल केयर उत्पादों की मांग लगातार बढ़ रही है। आगामी प्राइम डे 2026 से पहले यह पूरा नेटवर्क पूरी तरह तैयार हो चुका है, जिससे ग्राहकों को तेज़ और विश्वसनीय डिलीवरी का लाभ मिलेगा।