एवीएस न्यूज. भोपाल
मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड के प्रबंध संचालक कुमार पुरुषोत्तम ने कहा है कि मंडी बोर्ड भविष्य में भी प्रदेश की विशिष्ट कृषि उपजों के भौगोलिक संकेतक (जीआई) पंजीयन और उनकी ब्रांडिंग में सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा।

उन्होंने कहा कि जीआई टैग मिलने से प्रदेश की पारंपरिक एवं विशिष्ट कृषि उपजों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलती है। इससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलने के साथ-साथ स्थानीय उत्पादों की विश्वसनीयता और बाजार में प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता भी बढ़ती है।

एमडी ने कहा कि मंडी बोर्ड का उद्देश्य प्रदेश की अधिक से अधिक विशिष्ट कृषि उपजों का जीआई पंजीयन कराना, उनकी प्रभावी ब्रांडिंग करना और उन्हें व्यापक बाजार उपलब्ध कराना है। इसके लिए विभिन्न विभागों और संबंधित संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित कर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि इन पहलों से प्रदेश के किसानों की आय बढ़ाने, कृषि उत्पादों को नई पहचान दिलाने तथा मध्यप्रदेश को कृषि विपणन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।