बोले, एआईएमटीसी परिवहन उद्योग के हितों की रक्षा, पारदर्शी व्यवस्था के लिए प्रयासरत, लेकिन ट्रांसपोर्ट व्यवसाय का अहित व्यवस्थाओं का पुरजोर विरोध करेगी 


 एवीएस न्यूज .भोपाल
ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस (एआईएमटीसी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. ऋषि सभरवाल के नेतृत्व में संगठन का प्रतिनिधिमंडल  परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह और परिवहन विभाग के सचिव मनीष सिंह (आईएएस) से मिला और बैठक की। बैठक परिवहन विभाग ने आयोजित की गई थी, जिसमें मध्य प्रदेश राज्य परिवहन उपक्रम की स्टेज कैरिज बसों में कार्गो ((सार्वजनिक परिवहन/सिटी बसें) , वाणिज्यिक सामान ले जाने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। इस प्रस्ताव का एआईएमटीसी ने कड़ा विरोध किया और ज्ञापन भी सौंपा। 
डॉ. हरीश सभरवाल ने स्पष्ट रूप से कहा कि इस व्यवस्था से ट्रक व्यवसाय को गंभीर आर्थिक नुकसान होगा, जीएसटी चोरी की संभावनाएं बढ़ेंगी और सबसे महत्वपूर्ण-यात्रियों की सुरक्षा से समझौता होगा, जबकि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी सडक़ सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं। इसके अतिरिक्त बैठक में मध्य प्रदेश में ऑटोमेटेड फिटनेस स्टेशनों की अनिवार्यता तथा मैनुअल फिटनेस बंद होने से परिवहन व्यवसायियों को हो रही कठिनाइयों और उत्पीडऩ का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।

 

सचिव ने दिया यथासंभव सहयोग का आश्वासन
बैठक में सचिव मनीष सिंह ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और यथासंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस विषय पर यह सहमति बनी कि एआईएमटीसी और मध्य प्रदेश परिवहन विभाग मिलकर इन मुद्दों का समाधान केंद्र सरकार के स्तर पर कराने का प्रयास करेंगे। डॉ. हरीश सभरवाल ने विशेष रूप से परिवहन विभाग, मध्य प्रदेश से अनुरोध किया कि स्टेज कैरिज बसों में वाणिज्यिक सामान ले जाने के प्रस्ताव को तत्काल स्थगित किया जाए तथा प्रदेश में प्राइवेट कॉन्ट्रैक्ट कैरिज बसों में अवैध रूप से वाणिज्यिक सामान की आवाजाही पर सख्त अंकुश लगाया जाए।
 

प्रतिनिधिमंडल ने परिवहन मंत्री को एटीएस की अनुपलब्धता, फिटनेस सहित अन्य समस्याओं से कराया अवगत  
इसके अलावा एआईएमटीसी का प्रतिनिधिमंडल ने परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह से भी मुलाकात की। जिसमें एआईएमटीसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ.हरीश सभरवाल ने एटीएस की अनुपलब्धता, फिटनेस से जुड़ी समस्याओं तथा स्टेज एवं कॉन्ट्रैक्ट कैरिज बसों में वाणिज्यिक सामान ले जाने की अवैध प्रक्रिया का विस्तार से उल्लेख किया। इस मौके पर विजय कालरा, हरीश डाबर, राकेश तिवारी, अमरजीत सिंह बग्गा, सीएल मुकाती, चतर सिंह भाटी, कमल पंजवानी, मोहित डाभी, दीपक खंडेलवाल आदि मौजूद रहे।

सभी ने एक स्वर में कहाकि एआईएमटीसी परिवहन उद्योग के हितों की रक्षा तथा सुरक्षित, पारदर्शी और संतुलित व्यवस्था के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी और सरकार द्वारा ट्रांसपोर्ट व्यवसाय का अहित करने वाली व्यवस्थाओं का पुरजोर विरोध करेगी।