नन्हें-मुन्नों ने पुलिस स्टेशन जाकर बांधी राखी, दिया सुरक्षा का संदेश
भोपाल । रक्षाबंधन के पावन अवसर पर बचपन प्ले स्कूल, गुलमोहर के नन्हें-मुन्नों ने एक सराहनीय पहल करते हुए स्थानीय पुलिस स्टेशन का दौरा किया और पुलिस अधिकारियों को राखी बांधी।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में कर्तव्यनिष्ठा, सुरक्षा भावना और समाज के प्रति सम्मान जागरूक करना था। बचपन स्कूल गुलमोहर की शिक्षिकाओं और स्टाफ के साथ पहुंचे बच्चों ने अपने नन्हें हाथों से पुलिसकर्मियों की कलाई पर राखी बांधी और उन्हें धन्यवाद दिया कि वे दिन-रात हमारी सुरक्षा में लगे रहते हैं। कार्यक्रम में बच्चों द्वारा देशभक्ति गीत और राष्ट्रगान भी प्रस्तुत किया गया।
स्कूल प्रिंसिपल श्रीमती ममता उदासी ने बताया कि हमारा उद्देश्य सिर्फ पढ़ाई तक सीमित नहीं है, बल्कि हम बच्चों को जीवन मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों से भी जोडऩा चाहते हैं। पुलिसकर्मियों को राखी बांधना उनके बलिदान को सम्मान देने का एक माध्यम है। पुलिस अधिकारियों ने बच्चों का गर्मजोशी से स्वागत किया और कहा कि ऐसे प्रयास बच्चों को बेहतर नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने स्कूल प्रबंधन की इस पहल की सराहना की और बच्चों को मिठाइयां भी बांटीं। बचपन प्ले स्कूल, गुलमोहर हमेशा से ही बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में कार्य करता आया है। इस प्रकार की गतिविधियाँ बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में अहम भूमिका निभाती हैं।

