गातिमान फिल्म्स की नई फिल्म ‘थाप यूट्यूबर स्टार’ का ऐलान, डांस और डिजिटल दुनिया की कहानी होगी खास
एवीएस न्यूज.मुंबई
गातिमान फिल्म्सने अपनी आगामी फिल्म ‘थाप यूट्यूबर स्टार’ की आधिकारिक घोषणा कर दी है। फिल्म का मोशन पोस्टर जारी होने के साथ ही इसके विषय और शीर्षक को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है। यह फिल्म डांस, जुनून, संघर्ष और डिजिटल दौर में पहचान बनाने की कहानी को बड़े पर्दे पर पेश करेगी।
फिल्म का निर्माण और निर्देशन पदम सिंह कर रहे हैं, जबकि निर्देशक में उनके साथ सिद्धांत घराट देंगे। फिल्म की कहानी भी पदम सिंह ने लिखी है। स्क्रीनप्ले और संवाद निरंजन बुद्धाधारा ने तैयार किए हैं, जबकि सिनेमैटोग्राफी की जिम्मेदारी नरेश शाह संभाल रहे हैं। फिल्म की पहली कास्टिंग के तौर पर अभिनेता अशोक डी स्टार का नाम सामने आया है। निर्माताओं के अनुसार आने वाले दिनों में फिल्म की अन्य स्टारकास्ट की भी घोषणा की जाएगी, जिसमें नए और स्थापित कलाकार शामिल होंगे।
फिल्म के बारे में जानकारी देते हुए पदाम सिंह ने कहा कि ‘थाप यूट्यूबर स्टार’ केवल डांस पर आधारित फिल्म नहीं है, बल्कि यह आज के युवाओं के सपनों, संघर्षों और अपनी पहचान बनाने की जद्दोजहद को भी दर्शाएगी।
उन्होंने बताया कि कहानी में मनोरंजन के साथ भावनात्मक पहलुओं को भी प्रमुखता दी जाएगी, जिससे दर्शक खुद को इससे जुड़ा महसूस कर सकेंगे। निर्माताओं के मुताबिक फिल्म में डांस कहानी का अहम हिस्सा होगा और दर्शकों को कुछ नया और अलग देखने को मिलेगा। फिल्म की शूटिंग अगस्त से शुरू होने वाली है। इसके लिए लखनऊ, दिल्ली और मुंबई में विभिन्न लोकेशनों का चयन किया गया है और प्री-प्रोडक्शन का काम तेजी से चल रहा है।
फिल्म की स्टारकास्ट, संगीत और कहानी से जुड़ी अन्य जानकारियां जल्द ही साझा की जाएंगी। ‘थाप यूट्यूबर स्टार’ के माध्यम से गातिमान फिल्म्स युवा पीढ़ी के सपनों, सोशल मीडिया की दुनिया और सफलता की तलाश को एक मनोरंजक अंदाज में दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है।






