मंडी बोर्ड मुख्यालय में भावांतर योजना 2025 के सुचारू क्रियान्वयन के लिए प्रारंभ हुआ कंट्रोल रूम
एवीएस न्यूज.भोपाल
मध्यप्रदेश में सोयाबीन उत्पादक कृषकों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाए जाने के उद्देश्य से सोयाबीन भावांतर योजना 2025 अंतर्गत सोयाबीन की खरीदी 24 अक्टूबर 2025 से शुरू हो रही है।
गौरतलब है कि मध्यप्रदेश कृषि विपणन बोर्ड प्रबंध संचालक पुरुषोत्तम कुमार और अपर प्रबंध संचालक अनुराग सक्सेना के निर्देश पर उपरोक्त योजना के अनुसार प्रदेश के सोयाबीन उत्पादक कृषकों, किसान संगठनों, व्यापारी संगठनों, मंडी बोर्ड,मंडी समितियों के अधिकारियों, कर्मचारियों की सुविधा के लिए मंडी बोर्ड मुख्यालय में एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है जो कि 8 बजे से शाम 8 बजे तक निरंतर कार्य करेगा।
मंडी बोर्ड के सहायक संचालक योगेश नागले ने बताया कि कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 0755-2556207 है। कोई भी कृषक/ व्यापारी योजना से संबंधित किसी भी सूचना के सम्बन्ध में कंट्रोल रूम से संपर्क कर सकता है। कंट्रोल रूम प्रभारी अधिकारी के रूप में संयुक्त संचालक संगीता ढ़ोके को नियुक्त किया गया है। जिन के निर्देशन में उक्त कंट्रोल रूम कार्य करेगा। अपर प्रबंध संचालकअनुराग सक्सेना द्वारा कृषकों, व्यापारियों, हम्माल-तुलावटियों तथा अन्य कृत्यकारियों से अपील की है कि अधिक से अधिक उक्त योजना का लाभ लें।
मंडियों में सीसीटीवी से होगी निगरानी, सुविधा के लिए हेल्प डेस्क
राजधानी सहित मध्यप्रदेश की कृषि उपज मंडियों में सोयाबीन का विक्रय भावांतर योजना के दायरे में है। अत: अब मंडी के प्रवेश द्वार और प्रांगण की सीसीटीवी निगरानी की जाएगी। प्रत्येक मंडी में हेल्प डेस्क बनाई गई है, ताकि किसानों को कोई परेशानी ना हो। यह निर्देश मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने योजना की समीक्षा के दौरान दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि भावांतर योजना के लिए 9.36 लाख किसानों ने पंजीयन करवाया है।
उज्जैन, राजगढ़, शाजापुर, देवास, सीहोर, विदिशा और सागर में 50-50 हजार से अधिक किसानों ने पंजीयन करवाया है। 21 जिलों से 10-10 हजार से अधिक किसानों के पंजीयन हुए हैं। सभी मंडियों और उपमंडियों में सोयाबीन विक्रय के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर लें। ई-उपार्जन पोर्टल के माध्यम से किसानों के पंजीकृत बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से भावांतर राशि का भुगतान निर्धारित अवधि में किया जाए।

