एवीएस.मानपुर/भोपाल 


 अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मानपुर सुश्री हरनीत कौर कलसी द्वारा ग्राम झाल स्थित सोन नदी घाट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाट पर संचालित नावों की व्यवस्थाओं, सुरक्षा मानकों एवं यात्री सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की।


निरीक्षण में पाया गया कि ग्राम झाल से ग्राम विजयशोता तक नावों का संचालन किया जा रहा है। इस दौरान एसडीएम ने नाव संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी नावों में यात्रियों की संख्या के अनुसार पर्याप्त लाइफ जैकेट उपलब्ध हों और उनका उपयोग अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए।


उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में नावों में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को नहीं बैठाया जाए, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। साथ ही वर्षाकाल के दौरान नदी में नाव संचालन पूर्णतः बंद रखने के निर्देश भी दिए गए, ताकि संभावित दुर्घटनाओं से बचाव किया जा सके।


एसडीएम ने घाट के आसपास जलभराव और बरसात के समय होने वाले जोखिम को देखते हुए चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश सरपंच एवं सचिव को दिए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।


निरीक्षण के दौरान राजस्व टीम द्वारा भोलगढ़ पुल के भूमि अधिग्रहण संबंधी कार्यों का भी स्थल पर जाकर जायजा लिया गया। तकनीकी अमले से चर्चा कर निर्माण कार्य की प्रगति एवं सुरक्षा मानकों की जानकारी ली गई।


एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए उन्हें समय-सीमा में पूर्ण किया जाए और सुरक्षा मानकों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।