राजधानी में बिखरेगा आपसी प्रेम और सौहार्द्र का रंग; अग्रकुल परिवार रंगपंचमी पर करेगा गुलाल वितरण
सुबह 11 बजे से सुभाष चौक एवं सर्राफा चौक पर होगा आयोजित
भोपाल। राजधानी की अग्रणी सामाजिक संस्था 'अग्रकुल परिवार' एवं 'माता महालक्ष्मी अन्नक्षेत्र' (हमीदिया अस्पताल) द्वारा इस वर्ष रंगपंचमी का पर्व अनूठे और गरिमामय ढंग से मनाया जाएगा। भाईचारे और सनातनी परंपराओं को सहेजने के उद्देश्य से संस्था द्वारा आगामी 8 मार्च (रविवार) को भव्य 'गुलाल वितरण कार्यक्रम' का आयोजन किया जा रहा है।
संस्था के महेंद्र अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि चैत्र कृष्ण पंचमी के अवसर पर यह कार्यक्रम प्रातः 11 बजे से सुभाष चौक एवं सर्राफा चौक पर आयोजित होगा। कार्यक्रम के दौरान आमजन को गुलाल भेंट कर पर्व की शुभकामनाएं दी जाएंगी।
परंपरा और उल्लास का संगम:
अग्रकुल परिवार के मोहन अग्रवाल के अनुसार, इस आयोजन का मुख्य ध्येय समाज में ऊंच-नीच और भेदभाव की दूरियों को मिटाकर सामाजिक समरसता के पर्व पर प्रेम और सद्भाव का संदेश प्रसारित करना है। पुराने शहर के हृदय स्थल पर होने वाले इस आयोजन में समाज के वरिष्ठ मार्गदर्शक, ऊर्जावान युवा विशेष रूप से उपस्थित रहेगी।
जन-जन से जुड़ने की अपील:
संस्था के नवनीत अग्रवाल ने समस्त भोपाल वासियों से अपील की है कि वे इस उत्सव का हिस्सा बनें और गुलाल के रंगों के साथ खुशियों को साझा करें। आयोजन को लेकर युवाओं में भारी उत्साह है और व्यापक स्तर पर तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

