एवीएस न्यूज..नई दिल्ली 


भारत के प्रमुख उद्योगपति हैं और भारती एंटरप्राइजेज  के संस्थापक और अध्यक्ष सुनील भारती मित्तल ने भारत के उज्ज्वल भविष्य के प्रति विश्वास जताते हुए उद्योग जगत से देश में निवेश बढ़ाने और आर्थिक विकास को गति देने का आह्वान किया। कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआईआई) द्वारा सम्मानित किए जाने पर अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि उन सभी संस्थाओं, सहयोगियों और मूल्यों का सम्मान है जिन्होंने भारत के उद्योग जगत को मजबूत बनाने में योगदान दिया है।


पूर्व सीआईआई प्रेसिडेंट मित्तल ने कहा कि सीआईआई एक ऐसा मंच है जो उद्योग, सरकार और समाज को साथ लेकर नीति-आधारित विकास की दिशा में कार्य करता है। उन्होंने युवा उद्यमियों से भी अपील की कि वे सीआईआई जैसी संस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाएं और देश की आर्थिक दिशा तय करने में भागीदार बनें।


वैश्विक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए मित्तल ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव का असर वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है और भारत भी इससे अछूता नहीं रह सकता। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में उद्योग जगत की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है क्योंकि उद्योग करोड़ों लोगों को रोजगार देता है और समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने की क्षमता रखता है। उन्होंने उद्योगों से सोने के आयात पर निर्भरता कम करने, ऊर्जा लागत घटाने और नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को तेज़ी से बढ़ाने का आग्रह किया। साथ ही कहा कि “यह पीछे हटने का समय नहीं, बल्कि भारत में और अधिक निवेश करने का समय है। 


मित्तल ने बताया कि एयरटेल ने वित्त वर्ष 2024-25 में लगभग 31,000 करोड़ रुपए का पूंजीगत निवेश किया, जबकि टॉवर व्यवसाय से जुड़ी सहायक कंपनी को शामिल करने पर यह निवेश करीब 38,000 करोड़ रुपए   तक पहुंचता है। उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले समय में यह निवेश और बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की सबसे युवा और आकांक्षी उपभोक्ता अर्थव्यवस्थाओं में से एक है, जहां अवसरों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने ‘मेक इन इंडिया’ विज़न को और गति देने तथा भारत में निर्माण, भारत के लिए निर्माण और भारत की सेवा के संकल्प को मजबूत करने पर जोर दिया।