भारत में एजेंटिक एआई को बढ़ावा देंगे आईबीएम और योट्टा, सुरक्षित क्लाउड प्लेटफॉर्म की घोषणा
एवीएस न्यूज.नई दिल्ली
आईबीएम और योट्टा सर्विसेज ने भारत में एंटरप्राइज और सरकारी संस्थानों के लिए एक उन्नत एजेंटिक एआई प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराने की दिशा में रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है।
इस पहल का उद्देश्य भारतीय संगठनों को सुरक्षित, सॉवरेन और कंप्लायंस-आधारित एआई समाधान उपलब्ध कराना है।कंपनियों के अनुसार, यह प्रस्तावित प्लेटफॉर्म आईबीएम के वाटसनएक्स ऑर्केस्ट्रा को योट्टा के शक्ति क्लाउडपर उपलब्ध कराने की योजना पर आधारित है। इसका लक्ष्य संगठनों को डेटा रेजिडेंसी, सुरक्षा और रेगुलेटरी कंप्लायंस की आवश्यकताओं के अनुरूप बड़े स्तर पर एआई अपनाने में मदद करना है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अब कंपनियां केवल एआई के परीक्षण तक सीमित नहीं रहकर उसे वास्तविक कार्यप्रणाली में शामिल कर रही हैं। ऐसे में सुरक्षित और केंद्रीकृत प्लेटफॉर्म की आवश्यकता तेजी से बढ़ रही है, जो विभिन्न विभागों में एआई आधारित कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित कर सके। यह प्लेटफॉर्म आईटी सर्विस, मानव संसाधन, वित्त, खरीद प्रक्रिया और कस्टमर सपोर्ट जैसे विभागों में एआई एजेंट्स के संचालन और प्रबंधन में सहायता करेगा।
सुनील गुप्ता ने कहा कि भारत में एआई इनोवेशन का आधार सॉवरेनिटी, सुरक्षा और उच्च प्रदर्शन होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आईबीएमके साथ साझेदारी का उद्देश्य भारतीय कंपनियों को देश में होस्ट किए गए सुरक्षित क्लाउड पर एजेंटिक एआई की सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपने डेटा और परिचालन पर नियंत्रण बनाए रखते हुए नई तकनीकों को आत्मविश्वास के साथ अपना सकें।

