सीबीओए के महासचिव के.रवि कुमार सह-अध्यक्ष नियुक्त होन के बाद 12-13 जुलाई को भोपाल प्रवास पर
एवीएस न्यूज.भोपाल
केनरा बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन (सीबीओए) के उपाध्यक्ष केके त्रिपाठी ने बताया कि अखिल भारतीय बैंक अधिकारी परिसंघ (एआईबीओसी) ने नवंबर 2027 के आगामी वेतन समझौते के लिए तैयार किए जाने वाले चार्टर ऑफ डिमांड्स को भारतीय बैंक संघ (आईबीए) के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए गठित समिति में सीबीओए के महासचिव के.रवि कुमार को सह-अध्यक्ष नियुक्त किया है।
उन्होंने बताया कि के. रवि कुमार 12 एवं 13 जुलाई को दो दिवसीय भोपाल प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे संगठनात्मक बैठकों में भाग लेंगे और विभिन्न बैंकों के अधिकारियों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों पर चर्चा करेंगे। साथ ही आगामी वेतन समझौते से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
केके त्रिपाठी ने कहा कि समिति में के. रवि कुमार की नियुक्ति पूरे बैंकिंग अधिकारी वर्ग के लिए सम्मान और गर्व की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके अनुभव और नेतृत्व में बैंक अधिकारियों के हितों की प्रभावी पैरवी होगी तथा आगामी वेतन समझौते में कर्मचारियों और अधिकारियों की अपेक्षाओं को मजबूती से रखा जाएगा।






