एवीएस न्यूज.भोपाल 

भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) मध्य प्रदेश द्वारा संत शिरोमणि रविदास ग्लोबल स्किल्स पार्क, भोपाल में द्वितीय सीआईआई एमपी वेल्डटेक कॉन्क्लेव 2026 का सफल आयोजन किया गया। कॉन्क्लेव में देशभर से आए उद्योग विशेषज्ञों, तकनीकी संस्थानों, एमएसएमई प्रतिनिधियों और विद्यार्थियों ने उन्नत वेल्डिंग तकनीकों, स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, ऑटोमेशन और कौशल विकास जैसे विषयों पर विचार साझा किए।

इस आयोजन का उद्देश्य विनिर्माण एवं फैब्रिकेशन उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने के साथ-साथ उद्योगों को भविष्य की तकनीकी और कौशल आवश्यकताओं के लिए तैयार करना था। कार्यक्रम ने उद्योग, तकनीकी संस्थानों और कौशल विकास से जुड़े हितधारकों को एक साझा मंच प्रदान किया।

कार्यक्रम के स्वागत उद्बोधन में सीआईआई मध्य प्रदेश के अध्यक्ष सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने कहा कि राज्य में इंजीनियरिंग, विनिर्माण और फैब्रिकेशन उद्योग तेजी से विस्तार कर रहे हैं। ऐसे में आधुनिक वेल्डिंग तकनीकों, ऑटोमेशन और कुशल मानव संसाधन की मांग पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि सीआईआई उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने के लिए ऐसे ज्ञानवर्धक कार्यक्रम आगे भी आयोजित करता रहेगा।

पूर्व अध्यक्ष सीआईआई मध्य प्रदेश एवं बेंड जॉइंट्स प्रा. लि. के प्रबंध निदेशक उत्तम गांगुली ने कहा कि दुनिया भर में कुशल वेल्डरों की भारी मांग है और आधारभूत संरचना, ऑटोमोबाइल, रक्षा, ऊर्जा तथा विनिर्माण क्षेत्रों की सफलता गुणवत्तापूर्ण वेल्डिंग पर निर्भर करती है।

संत शिरोमणि रविदास ग्लोबल स्किल्स पार्क के निदेशक नीरज सहाय ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप विश्वस्तरीय कौशल विकास अवसंरचना तैयार कर रही है, जिससे युवाओं की रोजगार क्षमता और उद्योगों की उत्पादकता दोनों में वृद्धि होगी।

कॉन्क्लेव के तकनीकी सत्रों में देश की अग्रणी कंपनियों और संस्थानों के विशेषज्ञों ने आधुनिक वेल्डिंग तकनीकों और गुणवत्ता मानकों पर अपने अनुभव साझा किए। फ्रोनियस, पुणे के अमलान साहा ने “इंटेलिजेंट वेल्डिंग टेक्नोलॉजी फॉर जेन-ज़ेड” विषय पर डिजिटल तकनीक और ऑटोमेशन आधारित स्मार्ट वेल्डिंग समाधानों की जानकारी दी। वहीं बीएचईएल भोपाल के पल्लवित दुबे ने उद्योगों में गुणवत्ता उत्कृष्टता और भविष्य की तैयारी के महत्व पर प्रकाश डाला।

इंस्टीट्यूट ऑफ वेल्डिंग एंड टेस्टिंग टेक्नोलॉजी के सतीश पी. सावंत ने वैश्विक प्रतिस्पर्धा में गुणवत्ता मानकों और निरीक्षण प्रणालियों की भूमिका बताई, जबकि लिंकन इलेक्ट्रिक, मुंबई के आर. निपिन शंकर ने एमएसएमई इकाइयों के लिए लागत प्रभावी वेल्डिंग समाधान प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रोबोटिक आर्म आधारित लाइव वेल्डिंग डेमोंस्ट्रेशन रहा, जहां प्रतिभागियों ने आधुनिक रोबोटिक वेल्डिंग तकनीक का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त किया। इस प्रदर्शन ने दिखाया कि नई तकनीक के जरिए वेल्डिंग को अधिक सटीक, सुरक्षित और उत्पादक बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम के समापन पर सीआईआई ने मध्य प्रदेश में विनिर्माण उत्कृष्टता, तकनीकी नवाचार और कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए ऐसे मंच लगातार आयोजित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।