बैरसिया में भीषण हादसा, पिकअप ट्रैक्टर ट्रॉली से टकराया, 5 की मौत, 9 घायल
सिरोंज के मोहब्तपुरा में रहने वाला परिवार नर्मदापुरम स्नान करने जा रहा था
घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैरसिया में भर्ती कराया, वहां इलाज चल रहा है
एवीएस न्यूज, भोपाल। बैरसिया थाना क्षेत्र स्थित विद्या विहार स्कूल के सामने बुधवार रात करीब साढ़े 8 बजे भीषण हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। दरअसल, सिरोंज से आ रहा पिकअप वाहन ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गया। पिकअप वाहन की बॉडी, ट्रैक्टर की ट्रॉली में कुछ ऐसी उलझी की पिकअप वाहन से निकलकर बॉडी अलग हो गई और खेत में जा गिरी। इस हादसे में पिकअप वाहन में सवार पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 लोग घायल हुए है। ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार लोगों को भी चोट आई हैं। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैरसिया में इलाज चल रहा है।

पुलिस के अनुसार सिरोंज के मोहब्तपुरा में रहने वाला परिवार बुधवार शाम सिरोंज से नर्मदापुरम जाने के लिए निकला था। परिवार के सदस्य और रिश्तेदार मिलाकर पिकअप वाहन में 14 लोग सवार थे। बैरसिया में पिकअप वाहन ने प्रवेश किया और विद्या विहार स्कूल के सामने पहुंचा था। इसी दौरान सामने से आ रही ट्रैक्टर ट्रॉली से पिकअप वाहन की टक्कर हो गई। टक्कर आमने सामने की न होकर साइड की थी। लिहाजा पिकअप वाहन की बॉडी ट्रैक्टर की ट्रॉली में उलझ गई। रफ्तार में होने के कारण पिकअप की बॉडी ट्रैक्टर की ट्रॉली में उलझने के कारण निकलकर खेत में जा गिरी। इससे पिकअप में सवार पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 लोगों को चोट आई है और उनकी स्थित खतरे से बाहर बताई जा रही है।
नियंत्रण करने के बाद भी हो गया हादसा
ट्रैक्टर ट्रॉली और पिकअप वाहन के चालक ने अपने अपने वाहन पर नियंत्रण करने का पूरा प्रयास किया। लिहाजा टक्कर आमने-सामने की नहीं हुई, लेकिन ट्रैक्टर ट्रॉली से पिकअप वाहन की बॉडी साइड से रगड़ाई थी। इस ट्रैक्टर ट्रॉली का हुक पिकअप वाहन की हॉफ बॉडी में टकराया। बॉडी में हुक फंसने के कारण पिकअप वाहन आगे निकल गया, जबकि पिकअप वाहन की बॉडी सड़क किनारे खेत में जा गिरी। इस हादसे में अहिरवार पिता सुखलाल अहिरवार (40) गांव मोहब्बतपुरा सिरोंज जिला विदिशा के थे। वे पेशे से मजदूर थे। परिवार में सदस्य की मृत्यु होने पर अस्थियां (खारी) विसर्जन के लिए उन्हें नर्मदापुरम जाना था। वे मां बबरी बाई, बेटा दीपक अहिरवार (14) हरिबाई पति विपत सिंह (60) और लक्ष्मी बाई अहिरवार पति दौलत सिंह अहिरवार (60) की मौके पर ही मौत हो गई।
इन्हें आई चोट
हादसे में सूरज बाई, विनिता, सुनील अहिरवार, सरजू अहिरवार, मोनिका, महक, भूरी बाई, लल्लु अहिरवार, प्रदीप अहिरवार और ज्योतिबाई को चोट आई है। घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैरसिया में इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार परिवार को मामूली चोट आई है।

