मंडी बोर्ड के लंबित मुद्दों के समाधान पर कर्मचारियों ने प्रबंध संचालक कुमार पुरुषोत्तम का जताया आभार
एवीएस न्यूज..भोपाल
संयुक्त संघर्ष मोर्चा मंडी बोर्ड भोपाल के प्रांतीय संयोजक बी.बी. फौजदार के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मंडी बोर्ड के प्रबंध संचालक कुमार पुरूषोत्तम से मुलाकात कर उन्हें गुलदस्ता भेंट करते हुए कर्मचारियों और अधिकारियों की लंबित मांगों के समाधान की दिशा में किए गए प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर अंगिरा प्रसाद पांडे, नैन सिंह सोलंकी, महिला प्रदेश अध्यक्ष दीव द्विवेदी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
अंगीरा पांडेय ने बताया कि मंडी बोर्ड की 135वीं बैठक में कर्मचारियों और अधिकारियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण विभागीय मुद्दों पर सकारात्मक निर्णय लिए गए। लंबे समय से लंबित इन मामलों को लेकर प्रदेशभर के कर्मचारी एवं अधिकारी लगातार संयुक्त संघर्ष मोर्चा के माध्यम से अपनी मांगें उठा रहे थे।
उन्होंने बताया कि संघर्ष मोर्चा द्वारा प्रबंध संचालक से लगातार संवाद और बैठकों के परिणामस्वरूप कई महत्वपूर्ण मांगों पर कार्रवाई हुई। इनमें मंडी बोर्ड एवं मंडी समितियों के कर्मचारियों और अधिकारियों के स्थायीकरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना प्रमुख उपलब्धि रही।

इसके अलावा आरक्षित निधि को बढ़ाकर 20 प्रतिशत किया गया तथा अतिरिक्त 5 प्रतिशत राशि बढ़ाने का अधिकार भी प्रबंध संचालक स्तर पर सुनिश्चित किया गया, जिससे भविष्य में वेतन, भत्तों और पेंशन संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलेगी। संघर्ष मोर्चा के प्रयासों से कर्मचारियों को उच्च पद प्रभार देने संबंधी मांगों पर भी सफलता मिली।
सहायक उप निरीक्षकों को उप निरीक्षक तथा मंडी निरीक्षकों को सचिव पद का प्रभार दिया गया। साथ ही सचिव पदों का उन्नयन कर उच्च पद प्रभार की व्यवस्था भी की गई। एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय के तहत सहायक उप निरीक्षक पद का नाम परिवर्तित कर उप निरीक्षक किया गया तथा पद की गरिमा के अनुरूप कंधों पर एक स्टार के स्थान पर दो स्टार लगाने का प्रावधान भी किया गया।
कर्मचारियों से जुड़े शेष मुद्दों का भी शीघ्र समाधान होगा
प्रतिनिधिमंडल ने शेष लंबित मांगों जिनमें मंडी समिति कर्मचारियों को उच्च पद प्रभार, स्थायी कर्मियों का नियमितीकरण, वेतन विसंगतियों का निराकरण तथा पेंशन आदेश जारी करना शामिल है, पर भी चर्चा की।
प्रबंध संचालक कुमार पुरुषोत्तम ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि कर्मचारियों की सभी जायज समस्याओं और मांगों के समाधान के लिए विभाग सकारात्मक रूप से कार्य करेगा तथा शेष मामलों का भी जल्द निराकरण किया जाएगा।
बैठक के अंत में उपस्थित कर्मचारियों एवं पदाधिकारियों ने प्रबंध संचालक कुमार पुरुषोत्तम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि कर्मचारियों से जुड़े शेष मुद्दों का भी शीघ्र समाधान होगा।






