एवीएस.मानपुर/भोपाल 


 ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ एवं नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एसडीएम मानपुर हरनीत कौर कलसी ने इंदवार जल परियोजना अंतर्गत वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का औचक निरीक्षण किया।


निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने जल शोधन प्रक्रिया, वितरण व्यवस्था तथा विभिन्न ग्रामों में पेयजल आपूर्ति की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने जल निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि परियोजना क्षेत्र के सभी गांवों में नियमित और शुद्ध पेयजल आपूर्ति प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


एसडीएम ने निर्देश दिए कि आगामी सप्ताह में इंदवार जल परियोजना से जुड़े 68 ग्रामों की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की जाए। इस बैठक में सरपंच, सचिव, जीआरएस, जल निगम एवं राजस्व विभाग के अधिकारी शामिल होंगे।


बैठक में प्रत्येक गांव की जल आपूर्ति स्थिति, पाइपलाइन विस्तार, मोटर संचालन, विद्युत आपूर्ति, जल गुणवत्ता तथा उपभोक्ता शिकायतों की विस्तार से समीक्षा की जाएगी। साथ ही ग्राम पंचायतों को अपने-अपने क्षेत्रों की वास्तविक स्थिति और समस्याओं का प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।


निरीक्षण के दौरान कई गांवों में पेयजल व्यवस्था संतोषजनक पाई गई, जिससे गर्मी के मौसम में ग्रामीणों को राहत मिलने की बात सामने आई। हालांकि कुछ क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति बाधित होने, पाइपलाइन लीकेज, कम जल दबाव, बिजली आपूर्ति में रुकावट तथा दूरस्थ बस्तियों तक पानी नहीं पहुंचने जैसी समस्याएं भी सामने आईं।


एसडीएम ने संबंधित विभागों को नियमित मॉनिटरिंग, समय पर मरम्मत, निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं जल गुणवत्ता परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम स्तर पर शिकायत निवारण तंत्र को सक्रिय करने और जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप हर ग्रामीण परिवार तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।