एवीएस न्यूज. भोपाल
अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस 2026 के अवसर पर भोपाल डाक संभाग की ओर से मंगलवार को भोपाल जीपीओ में विशेष विरूपण मोहर जारी की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि आर.एस. रघुवंशी, निदेशक डाक सेवाएं, मुख्यालय परिक्षेत्र भोपाल मौजूद रहे।

इस दौरान शिवांशु कुमार, उप डाक निदेशक, भोपाल संभाग, राजेश सिंह पंवार, प्रधान डाक अधीक्षक, भोपाल जीपीओ और डॉ. सीमा पांडेय, सहायक निदेशक (राजभाषा), भोपाल संभाग सहित डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, फिलाटेलिस्ट और आमजन उपस्थित रहे।

हर वर्ष 8 सितंबर को मनाए जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस का वर्ष 2026 में 60वां वर्ष मनाया जा रहा है। इस वर्ष की थीम  लोगों, धरती और समृद्धि के लिए साक्षरता यानी “लोगों, पृथ्वी और समृद्धि के लिए साक्षरता” है। इसका उद्देश्य साक्षरता को केवल पढ़ने-लिखने की क्षमता तक सीमित न रखते हुए शिक्षा, समानता, सामाजिक समावेशन और सतत विकास से जोड़ना है।

कार्यक्रम में बताया गया कि साक्षरता व्यक्ति को बेहतर अवसर हासिल करने, समाज में सक्रिय भागीदारी करने और समावेशी व टिकाऊ भविष्य के निर्माण में सक्षम बनाती है।


 

इस अवसर पर जारी विशेष कैंसिलेशन केचेट के माध्यम से साक्षरता के व्यापक सामाजिक संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। डाक विभाग की विशेष विरूपण मोहर किसी महत्वपूर्ण दिवस, घटना या उपलब्धि की स्मृति को संरक्षित करने के साथ फिलाटेलिस्टों के लिए भी विशेष महत्व रखती है।

डाक विभाग के अनुसार विरूपण मोहर का इस्तेमाल डाक टिकट के पुनः उपयोग को रोकने के लिए किया जाता है। विशेष या चित्रात्मक कैंसिलेशन किसी खास अवसर की पहचान और स्मृति को लंबे समय तक संरक्षित करता है।

अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर जारी यह मोहर “साक्षरता सबके लिए” के संदेश को मजबूत करते हुए शिक्षा, समानता, समावेशन और सतत विकास की दिशा में समाज को प्रेरित करने का माध्यम बनी।