राजधानी में एआई इंडस्ट्री के विकास की मांग, सांसद आलोक शर्मा से मिला ‘कमाल का कारवां’
एवीएस न्यूज.भोपाल
इंवेस्टमेंट एंड डेवलपमेंट' कम्युनिटी भोपाल के प्रतिनिधिमंडल ने राजधानी भोपाल को देश के अग्रणी टेक्नोलॉजी हब के रूप में स्थापित करने के लिए ‘कमाल का भोपाल’ अभियान के फाउंडर मनोज मीक के नेतृत्व में देश के अन्य प्रमुख टेक सिटीज में कार्यरत कैपिटल रीजन के युवाओं और प्रोफेशनल्स के साथ सांसद आलोक शर्मा से भेंट की।
प्रतिनिधिमंडल ने सांसद के समक्ष यह साझा चिंता रखी कि राजधानी भोपाल में आईटी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित स्मार्ट इंडस्ट्रीज की विशाल संभावनाएं होने के बावजूद यहां आवश्यक ईकोसिस्टम, पॉलिसी सपोर्ट और इंडस्ट्रियल अवसरों की कमी है। परिणामस्वरूप, भोपाल के प्रशिक्षित और प्रतिभाशाली युवाओं को स्किलिंग, रोजगार और एंटरप्रेन्योरशिप के लिए अन्य शहरों की ओर पलायन करना पड़ रहा है।
- सिलिकॉन वैली बेंगलुरू से आए रजत पल्लव ने साझा किया अनुभव
सिलिकॉन वैली बेंगलुरू से आए रजत पल्लव सिंह ने टेक सिटी की आर्थिक गतिविधियों के कारण हो रही तेज ग्रोथ पर अपने अनुभव साझा किए, अनिल सरना ने कैपिटल रीजन में चालू हो रही इंडस्ट्रियल गतिविधियों की जानकारी दी, सोशल मीडिया पर सक्रिय पीयूष शाह ने भोपाल के प्रति बढ़ते आकर्षण पर प्रकाश डाला।
प्रतिनिधियों ने सुझाव दिया कि भोपाल को एआई लाइटहाउस सिटी के रूप में विकसित कर देश के पहले क्लीन कम्प्यूट कैपिटल के रूप में स्थापित किया जा सकता है, जहां डेटा सेंटर, एआई फैक्ट्री, स्टार्टअप ग्रोथ हब और रिसर्च संस्थान एक साथ विकसित हों। इससे राजधानी मध्यप्रदेश का टेक्नोलॉजी इंजन बनकर भारत के चौथी औद्योगिक क्रांति के विजन में भी योगदान दे सकेगी।
- राजधानी के युवाओं के साथ राज्य की भी प्रगति, ‘कमाल का कारवां’ बढ़ रहा : आलोक
सांसद आलोक शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल के सुझावों को दूरदर्शी बताते हुए कहा कि राजधानी के युवाओं की यह आकांक्षा न केवल न्यायसंगत है बल्कि राज्य की प्रगति के लिए आवश्यक भी है। सांसद ने कहा मनोज मीक के विजनरी और ठोस प्रयासों से शासन-प्रशासन बखूबी अवगत है उनका ‘कमाल का भोपाल’ नागरिक अभियान राजधानी में विमर्श का विषय बन गया है। खुशी की बात है कि ‘कमाल का कारवां’ बढ़ रहा है।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव को ठोस प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाएंगे
उन्होंने आश्वासन दिया कि आगामी संसद सत्र में भोपाल की रोड कनेक्टिविटी और स्मार्ट इंडस्ट्रीज़ के विस्तार के लिए क्रमशः केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव को ठोस प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाएंगे।
बैठक में मनोज मीक के साथ उपस्थित प्रतिनिधियों में ‘भोपाल इन्वेस्टमेंट एण्ड डेवलपमेंट कम्युनिटी’ के रजत सिंह, आशीष कोलारकर, पियूष जैन, पियूष शाह, स्वप्ना मेनन, अनिल सरना, गौरव परिहार सहित टेक इंडस्ट्री के अनेक जानकार शामिल रहे। भोपाल इन्वेस्टमेंट एंड डेवलपमेंट कम्युनिटी’ 5900 सक्रिय सदस्यों की एक प्रभावशाली कम्युनिटी है।

