एवीएस न्यूज .भोपाल 
भोपाल दुग्ध संघ ने दुग्ध उत्पादकों को बड़ी सौगात देते हुए दूध खरीद दर में एक बार फिर ऐतिहासिक बढ़ोतरी की है। संघ ने दूध की खरीद दर बढ़ाकर 870 रुपये प्रति किलोग्राम फैट कर दी है, जो 26 जून 2026 से प्रभावी हो गई है। इसे भोपाल दुग्ध संघ के इतिहास की अब तक की सर्वाधिक खरीद दर बताया जा रहा है। 


एमपी स्टेट कोऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन (एमपीसीडीएफ) से संबद्ध भोपाल दुग्ध संघ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रीतेश जोशी ने बताया कि राज्य सरकार और राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के बीच हुए सहकारिता समझौते के तहत निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप नई दुग्ध समितियों का गठन किया गया है।

इसके तहत संघ के कार्यक्षेत्र में 50 हजार से अधिक नए पशुपालकों को जोड़ा गया है। इस पहल के परिणामस्वरूप संघ के औसत दूध संग्रह में 20 प्रतिशत से अधिक की वार्षिक वृद्धि दर्ज की गई है।


 पशुपालकों में खुशी की लहर
दूध खरीद दर में बढ़ोतरी और समय पर भुगतान की व्यवस्था से दुग्ध उत्पादकों और सहकारी समितियों में उत्साह का माहौल है। पशुपालकों का कहना है कि यह निर्णय उनकी आय बढ़ाने के साथ-साथ पशुपालन व्यवसाय को और अधिक लाभकारी बनाएगा। दुग्ध उत्पादकों और विभिन्न समितियों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे किसानों और पशुपालकों के हित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया है।

भोपाल दुग्ध संघ का मानना है कि बढ़ी हुई खरीद दर से ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन को प्रोत्साहन मिलेगा, दुग्ध उत्पादन में वृद्धि होगी और किसानों की आय में भी सकारात्मक बढ़ोतरी होगी। यह निर्णय प्रदेश में डेयरी क्षेत्र को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।