सशस्त्र सेनाओं के 40 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

एवीएस न्यूज, भोपाल।

बीएचईएल, भोपाल में क्रिस्प (सीआरआईएसपी) द्वारा आयोजित इंडस्ट्रियल एक्सपोजर फॉर सीएनसी मशीन्स प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत सशस्त्र सेनाओं के 40 प्रतिभागियों ने बीएचईएल भोपाल कारखाने का औद्योगिक दौरा किया। इस दल में थल सेना, नौसेना एवं वायु सेना के वरिष्ठ जवान एवं अधिकारी शामिल थे।

औद्योगिक भ्रमण के दौरान सभी प्रतिभागियों को एचआरडीसी-वर्कशॉप, हाइड्रो लैब, ट्रेक्शन ब्लॉक तथा गोल्डन जुबली ब्लॉक का भ्रमण कराया गया। इस दौरान आयोजित तकनीकी सत्र में प्रतिभागियों को बीएचईएल के विभिन्न उत्पादों, उत्पादन प्रक्रियाओं एवं कार्यशैली के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।

दौरे के समापन अवसर पर श्री हेमराम पटेल, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) ने सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए। अपने संबोधन में पटेल ने कहा कि यह भ्रमण सभी प्रतिभागियों के लिए सीखने का एक नया क्षेत्र है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में भी वे भविष्य में देश के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं, क्योंकि वे पहले से ही अच्छी तरह प्रशिक्षित एवं अनुशासित हैं और अपनी जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करते हैं।

कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन कीर्ति सिंह, प्रबंधक (एचआरडी) द्वारा किया गया। इस अवसर पर मो. अतीक खान एवं संजय कुमार शर्मा भी उपस्थित रहे।