भोपाल।  दीपावली के पूर्व दो दिवसीय पुष्य नक्षत्र का पहला दिन मंगल पुष्य नक्षत्र सराफा, आटोमोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स के लिए मंगलकारी नहीं रहा है, लेकिन बुध पुष्य नक्षत्र से विभिन्न सेक्टरों के व्यापारियों अच्छे व्यापार की उम्मीद है। स्थानीय सराफा  चौक बाजार स्थित सराफा कारोबारी नवनीत अग्रवाल ने बताया कि मंगल पुष्य नक्षत्र सराफा बाजार के लिए मंगलकारी नहीं रहा है क्योंकि सराफा में दोनों बहुमूल्य धातु (सोने-चांदी) के भाव ही भाव बढ़े, ग्राहकी नहीं बढ़ी। उन्होंने बताया कि मंगलवार को चांदी 7 हजार रूपए की तूफानी तेजी के साथ 1 लाख 85 हजार रुपए प्रति किलो के स्तर पर पहुंच गई, तो सोना 1 लाख 30 हजार 500 रुपए प्रति 10 ग्राम के भाव बोले गए। 

 फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन के स्टेट चेयरपर्सन  और ओम ऑटो मोटर्स के संचालक आशीष पांडे ने बताया कि दो दिवसीय पुष्य नक्षत्र के मौके पर 750 टू व्हीलर्स और 300 से अधिक कारों के मुहूर्त सौदे पूरे भोपाल में होने की उम्मीद है, लेकिन  मंगल पुष्य नक्षत्र व्यापार उम्मीद के अनुरूप नहीं हुआ, क्योंकि मंगलवार का दिन होने से लोगों ने मुहूर्त सौदे तो किए मगर वाहनों की चाबी नहीं ली। अत: बुध पुष्य नक्षत्र पर व्यापार में 15 से 20 फीसदी के ग्रोथ की उम्मीद है।

 

आरएमजे मोटर्स के सीएमडी सुनील जैन 501 ने बताया कि जेके रोड़ स्थित एरीना शोरूम और आईएसबीटी के समीप स्थित नेक्सा शोरूम में कुल 125 कारों के बुकिंग मुहूर्त  सौदे की डिलीवरी के लिए हुए। उन्होंने बताया कि दो दिवसीय पुष्य नक्षत्र में समूचे भोपाल में 300 से अधिक कारों की बिकने की उम्मीद है। 


- ऑनलाइन प्लेटफॉर्म ने पिटा स्थानीय बाजार को 
विजय मार्केट, बरखेड़ा स्थित गर्ग ट्रेडर्स के संचालक राधेश्याम गर्ग ने बताया कि पुष्य नक्षत्र पर व्यापार उम्मीद के अनुरूप नहीं रहा। गर्ग ने बताया कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की ओर मौजूदा समय में ग्राहकों का रूझान सर्वाधिक होने से स्थानीय इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरणों का बाजार पुष्य नक्षत्र पर पिटा रहा है।

 
 सराफा व्यापारी संजीव गर्ग (गांधी) के अनुसार सोने-चांदी के भाव भले ही आग उगल रहे हैं, लेकिन डिस्काउंट और ईनामी योजनाओं से बाजार में पॉजिटिव रूझान बना हुआ है। निवेशकों को इन दोनों धातुओं में अच्छा फायदा हुआ है आने वाला समय भी तेजी के रूझानों का ही है। अत: निवेशक  सोने -चांदी में निवेश कर रहे हैं तो उपभोक्ता मुहूर्त सौदे को तवज्जों देते हुए आभूषणों की बुकिंग  कर रहे है। उन्होंने बताया कि चूंकि भाव बढ़े हुए हैं। लेकिन सराफा बाजार में बुलियन और सिक्कों की डिमांड है। मुहूर्त सौदे के लिए उपभोक्ता फैंसी आभूषणों के साथ लाइटवेट ज्वैलरी की खरीदी को महत्व अधिक दे रहे हैं।  
 गौरतलब है कि दीपावली से पहले सात दिन पहले दो दिवसीय पुष्य नक्षत्र के पहले दिन मंगल पुष्य नक्षत्र खरीदी के लिए शुभ तो रहा है , लेकिन दिन मंगलवार को होने से अधिकांश उपभोक्ताओं ने सौदे मुहूर्त की खरीदारी नहीं की।

राजधानी के विभिन्न सेक्टर इलेक्ट्रॉनिक्स, बर्तन, सराफा, ऑटोमोबाइल के साथ कपड़ा बाजार सहित अन्य बाजारों के व्यापारियों ने बुध पुष्य नक्षत्र पर ग्राहकों की खरीदारी से व्यापार में बेहतरी की उम्मीद की जा रही है।  उल्लेखनीय है कि अचल संपत्ति की खरीदारी  पुष्य नक्षत्र पर बेहद ही लाभदायक मानी जाती है। 18 अक्टूबर को धनतेरस का पर्व है। धनतेरस पर सोना-चांदी, भूमि, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य संपत्ति की खरीदारी करना बेहद शुभ माना जाता है। इसी तरह पुष्य नक्षत्र योग में भी खरीदारी करना और भी शुभ होता है। इस बार दिवाली और धनतेरस से पहले 14 और 15 अक्टूबर को पुष्य नक्षत्र का 24 घंटे 6 मिनट का विशेष योग रहेगा। खरीदी के इस महा मुहूर्त पर सिद्ध और साध्य योग भी रहेगा।