सरकारी स्कूल, वेस्ट-टू-वंडर मॉडल, जीवीपी व सुलभ काम्प्लेक्स में सुविधाएं देखीं, फाउंटेन चैक किए 
 वार्ड 21, 13, 18, 22, 42, 21, 76 व जोन-15 के पार्कों में देखीं व्यवस्थाएं

 

एवीएस न्यूज, भोपाल।


स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के दूसरे दिन शुक्रवार को केंद्रीय मूल्यांकन टीम राजधानी के नए और पुराने शहर के कई इलाकों में पहुंची। जहां सफाई व्यवस्था, सुंदरता और नागरिक सुविधाओं को परखा। छह सदस्यीय टीम का फोकस जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं की हकीकत जानने पर रहा। सदस्यों ने पार्कों, सुलभ कॉम्प्लेक्स, गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट (जीवीपी), सरकारी स्कूलों, बाजार क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों पहुंचकर सफाई व्यवस्था देखी। सदस्य मिंटो हाल भी पहुंचे, जबकि जोन-15 में पार्क में सर्वे के दौरान कर्मचारियों से कुछ पूछा और फिर आगे बढ़े और पूरे परिसर में सुविधाएं और सौंदर्य देखा। टीम ने शहर के कई पार्कों का भ्रमण किया और वहां मौजूद कर्मचारियों से रखरखाव, पौधों की देखरेख और सफाई व्यवस्था को लेकर जानकारी ली। पार्कों में पेड़ों की स्थिति और हरियाली को लेकर भी जानकारी ली। टीम ने एमपी नगर में वेस्ट-टू-वंडर मॉडल, फाउंटेन और सार्वजनिक स्थलों की सुंदरता को भी परखा।

 

लोगों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया
टीम के सदस्य चौक बाजार, टीला जमालपुरा, नारियल खेड़ा, हमीदिया रोड और रेलवे स्टेशन क्षेत्र पहुंचे, जहां सफाई व्यवस्था के साथ लोगों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। इसके अलावा एमपी नगर, अयोध्या नगर और एमएसीटी स्क्वायर जैसे नए शहर के क्षेत्रों में भी व्यवस्थाएं देखीं।

 

सरकारी स्कूलों में पहुंचकर लिया जायजा
केंद्रीय टीम ने सरकारी स्कूलों में पहुंचकर साफ-सफाई, शौचालय व्यवस्था और परिसर की स्थिति देखी। वहीं सुलभ कॉम्प्लेक्स की स्वच्छता और रखरखाव का भी निरीक्षण किया गया। शहर के कई गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट्स पर पहुंचकर यह देखा गया कि वहां नियमित सफाई हो रही है या नहीं।

बैरसिया में तैयारियां पूरीं, कभी भी जा सकती है टीम
स्वच्छ भारत मिशन की ‘स्वच्छ शहर जोड़ी’ पहल के तहत बैरसिया भी केंद्रीय मूल्यांकन टीम कभी भी जा सकती है। पहले यह यह सर्वे बैरसिया से शुरू होने के कयास लगाए गए थे, लेकिन सर्वे गुरुवार को राजधानी से शुरू हो गया। बैरसिया नगर पालिका में भोपाल में चल रहे सर्वे की जानकारी मिलने पर अधिकारी-कर्मचारी अलर्ट मोड पर हैं और तैयारियों को ओर मजबूत करने में लगे हैं।