भगवान महावीर फाउंडेशन ने 30वें राष्ट्रीय महावीर पुरस्कार-2026 के लिए नामांकन आमंत्रित किए
एवीएस न्यूज .भोपाल
भगवान महावीर फाउंडेशन ने 30वें राष्ट्रीय महावीर पुरस्कार-2026 के लिए मध्य प्रदेश सहित देशभर से नामांकन आमंत्रित किए हैं। करुणा, सेवा और सामाजिक परिवर्तन के तीन दशक पूरे होने के अवसर पर दिए जाने वाले इन प्रतिष्ठित पुरस्कारों के लिए 31 जुलाई 2026 तक आवेदन किए जा सकेंगे।
राष्ट्रीय महावीर पुरस्कार देश के सबसे सम्मानित नागरिक सम्मानों में शामिल हैं। ये पुरस्कार अहिंसा एवं शाकाहार, शिक्षा, चिकित्सा तथा सामुदायिक एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट और नि:स्वार्थ योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थानों को प्रदान किए जाते हैं। प्रत्येक पुरस्कार के साथ 10 लाख रुपये की नकद राशि, प्रशस्ति-पत्र और स्मृति-चिह्न दिया जाएगा।
मध्य प्रदेश के छह व्यक्तियों और संस्थानों को मिल चुका है सम्मान
भगवान महावीर फाउंडेशन ने पिछले 30 वर्षों में 26 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों के 101 विशिष्ट व्यक्तियों और संस्थानों को सम्मानित किया है। मध्य प्रदेश से अब तक छह हस्तियों और संस्थानों को राष्ट्रीय महावीर पुरस्कार मिल चुका है।
इनमें स्वर्गीय डॉ. नेमिचंद जैन (इंदौर, 2003), मोहम्मद शफीक खान (सागर, 2013), डॉ. एम.सी. नाहटा (इंदौर, 2017), ग्रामीण आदिवासी समाज विकास संस्थान (सौंसर, 2021), सेवाधाम आश्रम (उज्जैन, 2021) तथा सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय (चित्रकूट, 2022) शामिल हैं। पुरस्कार के लिए ऐसे भारतीय नागरिक और संस्थान पात्र होंगे, जो निर्धन, वंचित, जरूरतमंद और असहाय लोगों के कल्याण के लिए नि:स्वार्थ भाव से कार्य कर रहे हों। समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले व्यक्तियों एवं संगठनों को इस सम्मान के लिए नामांकित किया जा सकता है।
प्रतिष्ठित जूरी करेगी चयन
राष्ट्रीय महावीर पुरस्कारों के विजेताओं का चयन भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति एम.एन. वेंकटचलैया की अध्यक्षता वाली प्रतिष्ठित जूरी करेगी। जूरी में पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति डी.वाई. चंद्रचूड़, एस. गुरुमूर्ति, प्रो. बी.एम. हेगड़े, टी.एस. कृष्णमूर्ति, डी.आर. मेहता, प्रभात कुमार, न्यायमूर्ति जी.एस. सिंघवी और डॉ. शिव कुमार सरिन जैसे प्रतिष्ठित सदस्य शामिल हैं।
भगवान महावीर फाउंडेशन का उद्देश्य इन पुरस्कारों के माध्यम से समाज में सेवा, करुणा, अहिंसा और मानव कल्याण के मूल्यों को बढ़ावा देना तथा ऐसे व्यक्तियों और संस्थानों को सम्मानित करना है, जिन्होंने अपने कार्यों से लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है।






