सात दिवसीय इस ज्ञान यज्ञ में देश की सुप्रसिद्ध कथा वाचिका साध्वी मंजरीप्रिया श्रद्धालुओं को श्रीमद् भागवत कथा का रसपान कराएंगी


एवीएस न्यूज .भोपाल 
  राजधानी के लालघाटी क्षेत्र स्थित विजय नगर के मृत्युंजय मंदिर में सिंधी समाज उत्थान पंचायत द्वारा 28 मई से 3 जून तक भव्य श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। धार्मिक आयोजन को लेकर समाजजनों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।


सिंधी समाज उत्थान पंचायत के अध्यक्ष आनंद सबधाणी ने जानकारी देते हुए बताया कि सात दिवसीय इस ज्ञान यज्ञ में देश की सुप्रसिद्ध कथा वाचिका साध्वी मंजरीप्रिया श्रद्धालुओं को श्रीमद् भागवत कथा का रसपान कराएंगी। कथा के माध्यम से धर्म, भक्ति, संस्कार और मानव जीवन के आदर्श मूल्यों का संदेश दिया जाएगा।


आयोजन समिति के अनुसार प्रतिदिन कथा, भजन, संकीर्तन एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। कथा स्थल को आकर्षक धार्मिक सज्जा से सजाया जा रहा है तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं भी की गई हैं।

समाजजनों ने अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ लेने की अपील की है। आयोजन का उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक चेतना, संस्कार एवं धार्मिक मूल्यों का प्रसार करना बताया गया है।