एवीएस न्यूज. सतना


बिरला कार्पोरेशन लिमिटेड की इकाई सतना सीमेंट वर्क्स द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) गतिविधियों के तहत शासकीय माध्यमिक विद्यालय नैना में चार दिवसीय समर कैंप का सफल आयोजन किया गया।

यह कार्यक्रम प्रजायत्न संस्था के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के शारीरिक, मानसिक, भाषाई, गणितीय एवं अभिव्यक्ति संबंधी कौशलों का विकास करना था।

कंपनी के प्रेसिडेंट कौशल मिश्रा  के मार्गदर्शन में संस्था द्वारा क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आयोजित समर कैंप के माध्यम से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षण एवं व्यक्तित्व विकास के अवसर प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का संचालन एचआर क्लस्टर हेड प्रदीप सिंह बघेल तथा सीएसआर क्लस्टर हेड रंजीत प्रसाद  के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में किया गया।

चार दिनों तक चले इस कैंप में बच्चों को विभिन्न रचनात्मक, शैक्षणिक और मनोरंजक गतिविधियों से जोड़ा गया। खेलकूद, समूह चर्चा, भाषा विकास, गणितीय दक्षता और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सीखने की रुचि विकसित करने का प्रयास किया गया। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों और ग्रामीणों की भी सक्रिय सहभागिता रही। उन्होंने बच्चों के साथ संचालित गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की और इस पहल की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी बताया।

कंपनी प्रबंधन का कहना है कि भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका संवर्धन से जुड़े ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन जारी रहेगा, जिससे आसपास के गांवों के समग्र विकास को बढ़ावा मिल सके।